गोपालपुर सबस्टेशन में नया 50 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर चालू
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दी सौगात, गोपालपुर सबस्टेशन की क्षमता बढक़र हुई 90 एमवीए

सीहोर। जिले की बिजली पारेषण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने सीहोर के 132 केवी सबस्टेशन गोपालपुर में 50 एमवीए क्षमता का दूसरा अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर उसे चालू कर दिया है।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि गोपालपुर में नया ट्रांसफार्मर लगने से इस सबस्टेशन की कुल क्षमता 40 एमवीए से बढक़र अब 90 एमवीए हो गई है।
तकनीकी खराबी पर भी नहीं ठप होगी बिजली सप्लाई
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि गोपालपुर सबस्टेशन में अब तक सिर्फ एक ही पावर ट्रांसफार्मर काम कर रहा था। लगातार बढ़ते बिजली के लोड और बेहतर पारेषण व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यहां दूसरे ट्रांसफार्मर की सख्त जरूरत थी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अब दो ट्रांसफार्मर हो जाने से लोड का प्रबंधन बेहद आसान हो जाएगा। यदि भविष्य में किसी एक ट्रांसफार्मर में रखरखाव या तकनीकी खराबी के कारण काम रोकना भी पड़ा तो भी दूसरे ट्रांसफार्मर से आपूर्ति चालू रहेगी और क्षेत्र का विद्युत पारेषण बिल्कुल प्रभावित नहीं होगा। इससे कृषि व घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी।
जिले की कुल पारेषण क्षमता 2607 एमवीए पहुंची
एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य ने बताया कि गोपालपुर में नया ट्रांसफार्मर चालू होने के साथ ही सीहोर जिले में एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज पावर ट्रांसफार्मरों की कुल संख्या अब 27 हो गई है। एमपी ट्रांसको वर्तमान में जिले के 11 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सबस्टेशनों के जरिए बिजली की सप्लाई संभाल रही है।
इनमें 400 केवी आष्टा, 220 केवी बुधनी तथा 132 केवी गोपालपुर, शाहगंज, सलकनपुर, इछावर, सीहोर, श्यामपुर और नसरुल्लागंज जैसे प्रमुख सबस्टेशन शामिल हैं। इस नए विस्तार के साथ पूरे जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढक़र 2607 एमवीए हो गई है।



