नेपाल में भारतीय कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, ट्राइडेंट की रिंकी यादव की कप्तानी में भारत का दबदबा

सीहोर। नेपाल के पोखरा में आयोजित 11वीं इंडो-नेपाल कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस राष्ट्रीय जीत में ट्राइडेंट ग्रुप बुधनी में कार्यरत और भारतीय टीम की कप्तान रिंकी यादव ने अपनी उत्कृष्ट रणनीति और खेल के दम पर मुख्य भूमिका निभाई।

बता दें यह जीत रिंकी यादव के लिए बेहद खास है, क्योंकि उन्होंने इस चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार भारत को गोल्ड मेडल दिलाया है। इससे पहले जनवरी 2026 में आयोजित 10वीं इंडो-नेपाल कबड्डी चैंपियनशिप में भी वह स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की अहम सदस्य थीं।
काम और खेल में कायम रखा बेहतरीन संतुलन
रिंकी यादव की यह सफलता उनकी मेहनत, कड़े अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है। वह ट्राइडेंट ग्रुप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर खेल में भी देश का मान बढ़ा रही हैं। अपनी नौकरी और खेल के बीच बेहतरीन तालमेल बिठाकर उन्होंने हर बार अपने प्रदर्शन को बेहतर साबित किया है।
ट्राइडेंट ग्रुप और परिवार का जताया आभार
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कप्तान रिंकी यादव ने कहा 11वीं इंडो-नेपाल चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी करना और लगातार दूसरी बार देश के लिए गोल्ड जीतना मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं इस सफलता के लिए अपने परिवार, टीम के साथियों और ट्राइडेंट ग्रुप का दिल से आभार व्यक्त करती हूं।
रिंकी ने विशेष रूप से ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन एमेरिटस पद्मश्री राजिंदर गुप्ता का धन्यवाद करते हुए कहा कि संस्थान की प्रोत्साहन देने की सोच ने उन्हें हमेशा अपने लक्ष्य को पाने और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है।



