
सीहोर। सीहोर विधानसभा में हुई भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए परिवारों की सुध लेने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मैदान में उतरा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा क्षेत्र के अहमदपुर, चरनाल, वनखेड़ा और आसपास के जलभराव व बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान नेताओं ने पीडि़त परिवारों से सीधी बातचीत कर उनके नुकसान का जायजा लिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर दुख व्यक्त करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण कई परिवारों का भारी नुकसान हुआ है और उनका जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है। लोगों की पीड़ा देखकर मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि बिना किसी देरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का राजस्व दल भेजकर निष्पक्ष एवं शीघ्र सर्वे कराया जाए। साथ ही पीडि़त परिवारों को अधिक से अधिक मुआवजा राशि जल्द से जल्द स्वीकृत कर उनके खातों में अंतरित की जाए, ताकि वे पुन: अपना जीवन सामान्य कर सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस विपदा की घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी हर पीडि़त परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

पीडि़त को आर्थिक मदद और बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री
इस दौरान केवल आश्वासन ही नहीं, बल्कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर ही राहत कार्य भी शुरू किए। बाढ़ के कारण जिन गरीब और मजदूर परिवारों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था, उन्हें तात्कालिक राहत के रूप में आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अलावा आपदा के कारण पढ़ाई से वंचित हो रहे जरूरतमंद बच्चों को कॉपी-किताबें एवं अन्य शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। कांग्रेस नेताओं ने संकल्प जताया कि सेवा और सहयोग का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस दौरा कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर, पवन गुर्जर, वरिष्ठ नेता खुमान सिंह गुर्जर, देवी सिंह तंवर, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र लोधी, चंद्रप्रकाश शर्मा, मनीष मेवाड़ा, यश यादव, राहुल गौर, अरुण मेवाड़ा, अफजल खान और वीर सिंह दांगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



