Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

सलकनपुर मंदिर: लोनिवि की सड़क, पांच साल की परफार्मेंस गारंटी, फिर भी ’सड़क सुधार सहयोग निधि’ के नाम से हो रही वसूली!

- श्री देवीजी मंदिर समिति सलकनपुर के नाम से काटी जाती है रसीद, दो पहिया वाहनों से 10 रूपए, चार पहिया वाहनों से वसूलते हैं 20 रूपए

सुमित शर्मा
सलकनपुर में देवी मंदिर पहुंच मार्ग करीब 4.80 किलोमीटर का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया। यह कार्य 21 जून 2018 से प्रारंभ हुआ था एवं 31 मार्च 2021 को समाप्त किया गया। इस निर्माण की लागत भी करीब 2 करोड़ 22 लाख रूपए आई। सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य ठेकेदार विनोद कुमार साहू सारणी (बैतूल) द्वारा किया गया। ठेकेदार ने इस सड़क की परफार्मेंस गारंटी पांच साल की दी थी। निर्माण के पांच सालों में यदि सड़क में टूट-फूट या अन्य कोई कार्य होगा तो उसको कराने की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी। हालांकि परफार्मेंस गारंटी 31 मार्च 2026 को पूरी हो गई, लेकिन सलकनपुर मंदिर समिति द्वारा कई वर्षों से ’सड़क सुधार सहयोग निधि’ के नाम से श्रद्धालुओं से वसूली की जा रही है। यहां पर दो पहिया वाहनों से 10 रूपए एवं चार पहिया वाहनों से 20 रूपए की वसूली सड़क सुधार सहयोग निधि के नाम से हो रही है। मंदिर समिति पर आरोप हैं कि इस राशि का कोई हिसाब-किताब भी नहीं है।

नवरात्रि में हजारों, आम दिनों में हर दिन आते हैं सैकड़ों वाहन-
सीहोर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ मां विजयासन धाम सलकनपुर में नवरात्रि के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु-भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इनमें से हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से यहां पर आते हैं। आम दिनों में भी हर दिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु यहां पर पहुंचते हैं। सलकनपुर सड़क मार्ग से उपर जाने वाले श्रद्धालुओं से दो पहिया वाहन के 10 रूपए एवं चार पहिया वाहन के 20 रूपए वसूले जाते हैं। एक अनुमान के मुताबिक यह संख्या लाखों रूपए में होती है, लेकिन इस पैसों का हिसाब किसके पास है यह अब तक पहेली बना हुआ है।

20 रूपए की रसीद के लिए श्रद्धालुओं से मारपीट-
दरअसल पिछले दिनों सलकनपुर दर्शन करने के लिए आए देवास जिले के ग्राम बोलासा थाना भौंरासा निवासी जितेन्द्र ओढ़, रोहित सिंह गौड़, प्रदीप सिंह गौड़, शिवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत और सचिन चौहान के साथ सलकनपुर मंदिर के कर्मचारियों ने जमकर मारपीट की। प्रवेश गेट पर जब श्रद्धालुओं ने 20 का ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही तो पर्ची काटने वाले कर्मचारियों ने ऑनलाइन पेमेंट लेने से साफ इनकार कर दिया और बहस करने लगे। विवाद बढ़ता देख श्रद्धालुओं ने नगद 20 रुपए देकर मामला शांत किया और माता के दर्शन करने चले गए। दर्शन करने के बाद शाम को जब श्रद्धालु बैरियर पार्किंग पहुंचे तो वहां घात लगाए बैठे लगभग 20 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा नीचे तुम क्या गदर करके आए हो, श्रद्धालुओं के मना करने पर आरोपियों ने बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जितेन्द्र ओढ़ के सिर पर बेसबॉल के बल्ले से वार किया, जिससे उनका सिर फट गया। दोस्त रोहित सिंह गौड़ बचाने आए तो आरोपियों ने उनके हाथ-पैर पर डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मारपीट की चपेट में आकर वहां मौजूद अन्य राहगीर व आम श्रद्धालु भी घायल हो गए।

कांग्रेस का प्रदर्शन, मंदिर समिति भंग करने की मांग-
इधर श्रद्धालुओं के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद इस मामले ने सियासी रंग भी ले लिया है। इस मामले को लेकर रेहटी, बुधनी ब्लॉक कांग्रेस पार्टी सलकनपुर में प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इस मामले को लेकर किसान कांग्रेस के प्रदेेश सचिव अनिरूद्ध दुबे का कहना है कि सलकनपुर में श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ मातारानी के दर्शन के लिए आते हैं। वे हमारे मेहमान होते हैं, लेकिन यहां पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा करने के बजाए मंदिर समिति के कर्मचारी ही श्रद्धालुओं के साथ मारपीट कर रहे हैं। यह श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ कुठाराघात है। मंदिर समिति को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए एवं आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो। कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ने कहा कि सलकनपुर समिति नियमों से नहीं, मनमानी से कार्य कर रही है। एक तरफ यहां पर करोड़ों रूपए की हेराफेरी की गई है तो वहीं अब श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की घटना बेहद दुखद है। मंदिर समिति के अध्यक्ष को नैतिकता के आधार पर तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस नेता मलखान सिंह ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए कहा कि सलकनपुर में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट न सिर्फ बुधनी विधानसभा बल्कि समस्त प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा करने के बजाए समिति के कर्मचारी उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। समिति तत्काल इस्तीफा सौंपे।
इनका कहना है-
सलकनपुर मंदिर समिति द्वारा सड़क सुधार सहयोग निधि के लिए यह राशि ली जाती है। मंदिर समिति ने वन विभाग से सड़क के लिए जमीन के बदले मंदिर ली है। समिति की जमीन में से पांच एकड़ जमीन एवं करीब 50 लाख रूपए की राशि वन विभाग को दी गई है।
– आरके दुबे, सचिव, सलकनपुर मंदिर समिति
सलकनपुर में दर्शन के लिए आए देवास जिले के श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की घटना हुई है। मामले में एफआईआर दर्ज करके जांच की जा रही है। जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– भवानी सिंह सिकरवार, चौकी प्रभारी सलकनपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button