Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वर धाम में हो रहे थे मोबाइल चोरी, शिकायत के बाद सिविल में तैनात की टीम, आरोपी पकड़ाए

- मोबाइल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

सीहोर। सावन मास में देश के कौने-कौने से कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए सिविल में टीम तैनात की। पुलिस टीम ने अंतर जिला गिरोह के 6 लोगों को पकड़ा है। कुबेरेश्वर धाम में मोबाइल चोरी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। इसके बाद जिले के मंडी थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से टीम तैनात की एवं आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
कुबेरेश्वर धाम में मोबाइल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे व नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन एवं थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में सादी वर्दी में तैनात पुलिस टीम ने 6 शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। दरअसल धाम परिसर से मोबाइल व सामान चोरी होने की शिकायतों पर थाना मंडी में अपराध क्रमांक 259/2026 एवं 260/2026 (धारा 303(2) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया था। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को सादे कपड़ों में भीड़ के बीच तैनात किया गया। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए घेराबंदी कर 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा-
योजनबद्ध तरीके से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदातें स्वीकार कीं। गिरोह के सदस्यों ने बताया कि वे निजी वाहन से बड़े मेलों और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर जाकर मोबाइल, चेन और पर्स चोरी करने का काम करते थे तथा किसी को शक न हो इसके लिए नाबालिक को अपने गिरोह में रखते हैं। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस इस गिरोह से अन्य चोरी की घटनाओं और सहयोगियों के विषय में पूछताछ कर रही है।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार –
मंडी थाना पुलिस ने अशोक शिंदे पिता अर्जुन शिंदे आयु 35 वर्ष निवासी सेंधवा जिला बड़वानी, तालिब पठान पिता शाहिद पठान आयु 21 वर्ष निवासी भीकनगांव जिला खरगौन, विशाल नायक पिता दिलीप नायक आयु 26 वर्ष निवासी सेंधवा जिला बड़वानी, फरहान अली पिता आसिफ अली आयु 22 वर्ष निवासी सेंधवा जिला बड़वानी सहित एक नाबालिग को भी पकड़ा। आरोपी अशोक शिंदे के विरुद्ध लूट, मारपीट के साथ एससी-एसटी एक्ट, जुआ तथा चोरी के प्रकरण महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश में पंजीबद्ध हैं। इसी तरह आरोपी विशाल नायक के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत जिला बड़वानी के सेंधवा थाने में एक प्रकरण पंजीबद्ध है। पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन ओप्पो एवं रियल कंपनी कीमती 30 हजार रुपए एवं एक किया केरेंस कार कीमती 14 लाख रूपए भी जप्त की है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान, उप निरीक्षक सुनीता बेतवाल, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह राघव, उमेश वर्मा, सचिन जाट, नेपाल सिंह, इंदर सिंह परमार, शिवांक भार्गव, विनय शर्मा एवं आरक्षक चालक अबू सूफियान थाना मंडी तथा अरुण शुक्ला की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

सीहोर कोतवाली पुलिस ने 2 मासूम बच्चों को परिजनों से मिलाया-
सीहोर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में एवन सिटी के पास 2 बच्चे घूमते हुए दिखे। जब उनसे नाम, पता पूछा तो वे अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए। इसके बाद सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक रविंद्र सिंह तोमर एवं पायलट लखन प्रजापति ने मौके पर पहुंचकर एक 4 वर्षीय बालक और 6 वर्षीय बालिका को संरक्षण में लिया, बच्चे परिजन के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे थे। डायल-112 जवानों ने बच्चों को एफ.आर.व्ही वाहन से साथ लेकर आस पास के क्षेत्रों में परिजन की तलाश करने पर बच्चों के परिजन के परिचित मिले, जिन्हें साथ लेकर बच्चों के घर पहुंचे। जहां बच्चों द्वारा पहचान एवं सत्यापन उपरांत परिजन के सुपुर्द किया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजन ने डायल-112 सेवा तथा पुलिस स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button