“शिव-साधना” कांवड़ यात्रा में दिया जाएगा सामाजिक कुरीतियों एवं नशामुक्ति का संदेश
सलकनपुर में बैठक आयोजित कर दी जिम्मेदारियां, 24-25 अगस्त को निकलेगी यात्रा

सीहोर। जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में सावन मास में शिव-साधना भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह कावड़ यात्रा 24 और 25 अगस्त को दो दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में निकलेगी। इस दौरान लगातार बढ़ रही सामाजिक कुरीतियों के साथ ही नशामुक्ति का संदेश भी दिया जाएगा। इस दौरान कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु कावड़ के साथ ही सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और नशा मुक्ति को लेकर स्लोगन लगे बैनर-पोस्टर लेकर भी चलेंगे। आयोजन को लेकर सलकनपुर में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें विधायक रमाकांत भार्गव, युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, वरिष्ठ नेता रघुनाथ भाटी, रामनारायण साहू, अर्जुन मालवीय, मनोहरलाल माहेश्वरी, रामगोपाल टेलर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में पहुंचे सभी नेताओं का भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी ने स्वागत किया।
यात्रा में करें बढ़-चढ़कर भागीदारी : रमाकांत भार्गव
बैठक को संबोधित करते हुए बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि सावन मास में शिवा पूजा का बड़ा महत्व है। हमारे लिए भी सौभाग्य की बात है कि सावन मास में हम शिव-साधना कावड़ यात्रा का आयोजन कर रहे हैं। यह कावड़ यात्रा संपूर्ण बुधनी विधानसभा क्षेत्र में निकलेगी। इस दौरान इसमें सभी कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तो वही अपने-अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस कावड़ यात्रा में सहभागी बनाएं।
सामाजिक कुरीतियों को मिटाना आज की सबसे बड़ी जरूरत : कार्तिकेय सिंह चौहान
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा कि सावन मास में धार्मिक आयोजन तो होते हैं, लेकिन आज की सबसे बड़ी जरूर सामाजिक कुरीतियों को मिटाने के साथ ही नशामुक्ति का संदेश देना भी है। आज का युवा नशे की गिरफ्त में है तो वही समाज में भी लगातार सामाजिक कुरीतियों बढ़ रही हैं। अब धर्म के साथ ही इन कुरीतियों को समाप्त करना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह कावड़ यात्रा जहां सावन मास में धर्म का संदेश देगी तो वहीं इस यात्रा के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों और नशा मुक्ति का संदेश भी दिया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी शिव- साधना कावड़ यात्रा में शामिल हुए होकर इस यात्रा को भव्यता प्रदान करें।
अलग-अलग क्षेत्रों से निकलेगी यात्रा –
24 अगस्त को बुधनी एवं शाहगंज मंडल की कांवड़ यात्रा शाहगंज के हथनौरा से प्रारंभ होकर बाबा दिवांबर के स्थान पर संपन्न होगी। 25 अगस्त को शिव साधना कांवड़ यात्रा भैरूंदा, सलकनपुर, गोपालपुर, लाड़कुई एवं चकल्दी मंडल में निकाली जाएगी। यात्रा का समापन नीलकंठ में होगा। इस दौरान ढोल, बाजों के साथ श्रद्धालु भक्त भजनों के साथ नाचते गाते चलेंगे। यात्रा के माध्यम से सनातन धर्म के साथ ही नशामुक्ति एवं सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश भी दिया जाएगा।



