गांवों में अंधेरा कायम करने वाली शातिर चोर गैंग गिरफ्तार, कबाड़ी भी धराया

सीहोर। ग्रामीण अंचलों में बिजली के तार काटकर अंधेरा फैलाने वाले एक शातिर गिरोह का मण्डी थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले 3 मुख्य चोरों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी धर दबोचा है। आरोपियों के पास से ढाई क्विंटल तांबे-एल्युमीनियम के तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक, रस्सा और कटर जब्त किया गया है। कुल जब्त सामान की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भटोनी, जताखेड़ा और लालाखेड़ी समेत आसपास के गांवों में काफी समय से लगातार बिजली के तार चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे व सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में मण्डी थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी।
15 अगस्त को जब पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा हुआ था, तभी पुलिस को गिरोह की सटीक लोकेशन की सूचना मिली। पुलिस टीम ने बिना देर किए घेराबंदी की और 3 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
दिन में रेकी, रात में कटर से काटते थे तार
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का अनूठा तरीका बताया। वे दिन में बाइक से घूम-घूमकर गांवों में रेकी करते थे। रात होते ही मौके पर पहुंचते और रस्सी के सहारे बिजली के तारों को नीचे खींचकर आरी व कटर से काट लेते थे। इसके बाद माल को मछली बाजार स्थित सलमान कुरैशी की कबाड़ी दुकान पर बेच देते थे। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुकेश शाक्य निवासी कस्बा, उत्तम शाक्य निवासी कस्बा, रंजीत ठाकुर निवासी कस्बा और सलमान कुरैशी कबाड़ी निवासी मछली बाजार शामिल हैं।



