
सीहोर। जिले में सावन मास के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कावड़ यात्राएं निकाली गईं। सीहोर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के लिए सबसे ज्यादा चुनौती भरी कावड़ यात्रा सीहोर के सीवन नदी तट से कुबेरेश्वर धाम तक की रही। इस कावड़ यात्रा में उम्मीद से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने पर प्रशासन के माथे पर भी चिंता की लकीरें खिंच गईं। हालांकि पुलिस की व्यवस्थाओं से कहीं भी कोई घटना-दुर्घटना नहीं हुईं। कुछ समय के लिए यातायात जरूर बाधित रहा। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे, लेकिन पुलिस ने यहां भी मोर्चा संभाले रखा। इधर सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा में भी दो दिनों तक शिव-साधना कावड़ यात्रा निकाली गई। इस कावड़ यात्रा को लेकर भी चुनौतियां थीं। ये कावड़ यात्रा भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इन दोनों प्रमुख कावड़ यात्राओं के संपन्न होने पर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जहां सीहोर पुलिस प्रशासन की तारीफ की तो वहीं कलेक्टर बालागुरू के. ने भी पूरी टीम को बधाई दी।
कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट-
सीहोर में 25 अगस्त को निकली कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना एवं एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने ऐसी जमावट की कि पूरा आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। कावड़ यात्रा को लेकर करीब 2 लाख लोगों के आने की संभावना थी, लेकिन लगातार श्रद्धालुओं के पहुंचने से यह संख्या ज्यादा हो गई। इसके कारण कुछ समय के लिए पुलिस के माथे पर भी चिंता की लकीरें खिंच गईं, लेकिन व्यवस्थाएं फिर दुरूस्त की गईं। एसपी एवं एएसपी पूरी समय आयोजन पर नजर बनाए रखे। 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। यातायात रूट बदले गए, ताकि चक्काजाम जैसी स्थितियां नहीं बनें। आयोजन से पहले पुलिस उप महानिरीक्षक देहात भोपाल राजेश चंदेल ने भी कुबेरेश्वर धाम एवं सीवन नदी घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, कावड़ यात्रा मार्ग पर यातायात को सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।
कलेक्टर बोले- सभी के प्रयासों से आयोजन सफल संपन्न हुआ –
कलेक्टर बालागुरु के. ने 25 अगस्त को सीवन नदी घाट से कुबेरेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा के सुरक्षित एवं सफल संचालन पर कावड़ यात्रा में तैनात सभी अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस बल को बधाई दी। उन्होंने यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं में जुटे सभी अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। पुलिस बल द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संभाला गया। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। कलेक्टर ने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से कांवड़ यात्रा सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुई। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस बल को उत्कृष्ट कार्य के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी तरह समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।



