Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

हृदय रोगी पत्नी को तेज साउंड से बचाने सीनियर सिटीजन की गुहार, पुलिस पंचायत ने दिलाई राहत

सीहोर। पड़ोसी तेज आवाज में साउंड बजाते हैं, जिससे मेरी हृदय रोगी पत्नी की धडक़न बढ़ जाती है और सांस फूलने लगती है, डॉक्टर ने उसे तेज आवाज से दूर रखने की सलाह दी है। यह पीड़ा लेकर एक सीनियर सिटीजन सीहोर पुलिस पंचायत में पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत ने दो टूक कहा कि घर की चारदीवारी के बाहर आवाज जाना नैतिक और कानूनी रूप से गलत है, यदि साउंड से दूसरों को परेशानी हुई तो जब्ती और अपराध दर्ज करने की कार्रवाई होगी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और बुजुर्ग दंपति को राहत मिली।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर गठित सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की बैठक बुधवार कोक कार्यालय में आयोजित की गई। यह बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के नेतृत्व में कोर कमेटी सदस्य कमल सिंह ठाकुर और अनिल पालीवाल की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बुजुर्ग के प्लॉट पर लगा दिया था दूसरे का बोर्ड
शहरी क्षेत्र के 70 वर्षीय सीनियर सिटीजन ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने सीहोर में 1700 स्क्वायरफीट का प्लॉट खरीदा था, लेकिन हाल ही में दूसरे पक्ष ने उस पर अपना बोर्ड लगा दिया और प्लॉट पर जाने पर रोक-टोक व धमकी दी जा रही थी। सुनवाई में अनावेदक पक्ष ने प्लॉट की गलत मार्किंग की आशंका जताई। इस पर पंचायत ने स्पष्ट किया कि जब आवेदक के दस्तावेज और प्लॉट स्पष्ट हैं तो ऐसी शंका स्वीकार्य नहीं है। पंचायत ने तुरंत बोर्ड हटाने, आवेदक का बोर्ड लगाने और आने-जाने में कोई बाधा न डालने के निर्देश दिए। दोबारा परेशान करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई, जिससे बुजुर्ग ने खुशी जताई।
बेटों ने मांगी माफी
ग्रामीण क्षेत्र के 75 वर्षीय सीनियर सिटीजन ने शिकायत की कि उनके तीन बेटे हैं और उन्होंने आठ कमरों का मकान बनाया है, लेकिन दो बेटे झगड़ा-विवाद व मारपीट करते हैं और रुपयों का हिसाब नहीं देते। सुनवाई में सामने आया कि खेती पिता ही करते हैं और दूध व रुपयों को लेकर विवाद होता है। पंचायत ने परामर्श दिया कि 3.5 एकड़ जमीन पर पिता अपनी इच्छा के अनुसार खेती करेंगे, उनके काम में दखल नहीं होगा और बेटों द्वारा रुपयों की मांग नहीं की जाएगी। विवाद न करने की बात पर बेटों ने पिता के पैर छूकर माफी मांगी और राजीनामा दर्ज हुआ।
मंदिर के हिसाब-किताब के लिए 5 दिसंबर की तारीख तय
ग्रामीण क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने आवेदन दिया कि वे समाज के मंदिर के पटेल हैं, लेकिन पूर्व पटेल ने जमा राशि का हिसाब और खाता नहीं सौंपा है, जिससे कामकाज में दिक्कत हो रही है। अनावेदक ने कम राशि देने की बात कही, जबकि आवेदक ने बड़ी राशि का लेनदेन बकाया बताया। समाज के पैसे से जुड़ा मामला होने के कारण पंचायत ने दोनों पक्षों की सहमति से 5 दिसंबर की तारीख तय की, जिस दिन सभी के सामने हिसाब पर चर्चा कर निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा बैठक में अन्य मामलों की भी सुनवाई हुई और कुछ प्रकरणों में दस्तावेज, स्पष्टीकरण या पक्षकारों की उपस्थिति के लिए आगे की तारीख दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button