Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

बुधनी विधानसभा क्षेत्र में फिर बजा उपचुनाव का बिगुल…

कलेक्टर ने लाउडस्पीकर के प्रयोग और शस्त्र प्रदर्शन पर लगाई रोक, 5 अक्टूबर तक लागू रहेंगी पाबंदियां

सीहोर। बुधनी विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर उपचुनाव का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन के चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले के संबंधित क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के उपयोग और शस्त्र रखने पर कड़े प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश 1 सितंबर से निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त होने की तिथि 5 अक्टूबर तक पूरी सख्ती से प्रभावशील रहेगा।
यह प्रतिबंधात्मक आदेश बुधनी, भैरूंदा, इछावर, सीहोर और आष्टा जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाले संबंधित वार्डों और ग्राम पंचायतों में लागू होगा। बुधनी जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोशीपुर वार्ड 16 और महुआकलां वार्ड 3। भैरूंदा जनपद में जनपद सदस्य हेतु वार्ड 16 नंदगांव, सोयत, बोरघाटी, आगरा, सतराना तथा रीठवाड़ वार्ड 6, ईटावाकला वार्ड 2 और डाबरी वार्ड 2। जबकि जिले के इछावर की ग्राम पंचायत पांगराखाती सरपंच पद तथा सीहोर व आष्टा की विभिन्न पंचायतों के वार्ड।
बिना अनुमति नहीं बजेंगे लाउडस्पीकर
ध्वनि प्रदूषण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें आमसभा, जुलूस व प्रचार वाहनों पर लगे लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। लाउडस्पीकर का प्रयोग केवल सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही किया जा सकेगा। बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजाने या समय-सीमा का उल्लंघन करने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 223 के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।
शस्त्र रखने और प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रकार के लाइसेंसी व अन्य हथियारों के प्रदर्शन और उन्हें साथ लेकर चलने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, शासकीय सुरक्षाकर्मियों और बैंकों के सुरक्षा गार्डों को इस नियम से छूट दी गई है। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button