सीहोर में 15 से सजेगा कांग्रेस का संगठन सृजन शिविर, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी देंगे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र

सीहोर। आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और संगठन को बूथ स्तर तक धार देने के लिए कांग्रेस ने सीहोर में अपनी रणनीति तैयार कर ली है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर के संयुक्त तत्वावधान में 15 और 16 सितंबर को शहर के यशराज गार्डन में दो दिवसीय जिला स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस हाई-प्रोफाइल शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी उपस्थित रहेंगे, जो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नया जोश भरने के साथ ही संगठन को जीत की राह पर ले जाने का गुरुमंत्र देंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इस दो दिवसीय आवासीय/प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और अध्यक्ष जीतू पटवारी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। प्रदेश के ये शीर्ष नेता जिलेभर से जुटे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें चुनावी व संगठनात्मक राजनीति के गुर सिखाएंगे। इसके साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षक विभिन्न सत्रों में कैडर को प्रशिक्षित करेंगे।
160 चुनिंदा पदाधिकारी और कार्यकर्ता होंगे शामिल
इस प्रशिक्षण शिविर का दायरा बेहद केंद्रित रखा गया है। इसमें जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और वार्ड अध्यक्षों सहित केवल 160 प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ही आमंत्रित किया गया है, ताकि एक-एक कार्यकर्ता से सीधे संवाद कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जा सके।
इन अहम मुद्दों पर दी जाएगी ट्रेनिंग
दो दिनों तक चलने वाले इस शिविर में मुख्य रूप से इन विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे…
बूथ मैनेजमेंट: बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और वोटर लिस्ट मैनेजमेंट की रणनीति।
जनसंवाद और मतदाता संपर्क: आम जनता के मुद्दों को सडक़ पर उठाने और लोगों से जुडऩे के तरीके।
पार्टी विचारधारा: कांग्रेस की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना।
संगठनात्मक अनुशासन: कार्यकर्ताओं की भूमिका और उनकी जिम्मेदारियों का निर्धारण।



