Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सडक़ के गड्ढे ने ली महिला की जान, डी.मार्ट के पास बेकाबू होकर पलटी बाइक, गुस्साए लोगों ने किया चक्का जाम

सीहोर। सडक़ पर बने खतरनाक गड्ढों ने एक हंसते-खेता परिवार तबाह कर दिया। पुराने इंदौर-भोपाल हाईवे पर मंगलवार को एक बाइक अचानक बड़े गड्ढे में जा गिरी, जिससे हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मृतका के पति और बच्चे को हल्की चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सडक़ की बदहाली को लेकर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
हादसे का शिकार हुआ यह परिवार शाजापुर जिले के अरनिया कलां का रहने वाला है। परिवार किसी निजी काम से सीहोर आया हुआ था। मंगलवार को जब वे वापस लौट रहे थे, तभी सीहोर में डी-मार्ट के पास उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सडक़ किनारे बने एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और बच्चा बाल-बाल बच गए, उन्हें मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों और मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
लोगों का फूटा गुस्सा, किया चक्काजाम
सडक़ के बीच बने इन जानलेवा गड्ढों की वजह से हुए इस हादसे के बाद रहवासियों और राहगीरों में आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन और विभाग की लापरवाही के कारण सडक़ों की हालत बेहद खराब है और ये गड्ढे आए दिन बड़े हादसों का कारण बन रहे हैं। गुस्साए लोगों ने मुआवजे और सडक़ की तुरंत मरम्मत की मांग को लेकर घटनास्थल पर ही चक्का जाम कर दिया। सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
नपा अध्यक्ष ने समझाइश देकर खुलवाया जाम
हंगामे और चक्का जाम की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द से जल्द सडक़ के गड्ढों की मरम्मत करवाने का भरोसा दिलाया। नपा अध्यक्ष की समझाइश और आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने चक्का जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से चालू हो सका। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button