Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

12 घंटे में ट्रेस हुआ 57 लाख का चोरी गया हाईवा डंपर, राजस्थान के अकलेरा से बरामद

सीहोर। भेरूंदा थाना पुलिस ने कार्रवाई और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए चोरी के एक बड़े मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सामने से चोरी हुआ 57 लाख रुपये कीमत का हाईवा डंपर राजस्थान के झालावाड़ जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया है। हालांकि पुलिस को देखकर आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को फरियादी अरविंद सिंह तोमर निवासी दिगवाड़ थाना रेहटी ने भेरूंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका हाईवा डंपर जिसकी अनुमानित कीमत करीब 57 लाख रुपये है, शिवहरे पेट्रोल पंप के सामने खड़ा था। रात के समय कोई अज्ञात चोर वाहन को चुराकर ले गया। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
80 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, 2 विशेष टीमें गठित
चोरी गए वाहन की भारी कीमत और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी व उपनिरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच में जुटी पुलिस टीमों ने साइबर सेल की मदद से लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। डंपर के भागने के संभावित रास्तों की पहचान करते हुए पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी तुरंत अलर्ट भेजा गया।
राजस्थान बॉर्डर पर घेराबंदी, अकलेरा में मिला डंपर
अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय का असर यह रहा कि राजस्थान के झालावाड़ जिले के थाना अकलेरा पुलिस के सहयोग से चोरी गए डंपर को ट्रैक कर लिया गया। पुलिस की टीम को सामने देख डंपर चला रहा आरोपी वाहन छोडक़र रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग निकला। पुलिस ने मौके से 57 लाख रुपये कीमत का चोरी गया डंपर जब्त कर लिया है। फरार आरोपी की शिनाख्त कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापे मार रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button