Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बारह खंबा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, झूलों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के दिए सख्त निर्देश

सीहोर। इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा में दीपावली के दूसरे दिन आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बारह खंबा मेले और दीपावली के पटाखा बाजार को सुरक्षित व सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मेले में जुटने वाली हजारों पशुपालकों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि झूलों की सुरक्षा जांच, भीड़ नियंत्रण, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पटाखा बाजार में भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के आदेश जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि यह ऐतिहासिक मेला हर साल दीपावली के ठीक दूसरे दिन आयोजित किया जाता है। इस मेले की खास मान्यता यह है कि इसमें दूर-दूर से पशुपालक अपने पशुओं की सलामती और आरोग्यता की मन्नत मांगने पहुंचते हैं और देव प्रतिमा पर दूध अर्पण करते हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण होने के कारण इस आयोजन में हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

सुरक्षा और सुविधाओं के दिए निर्देश
मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों के साथ ग्राम देवपुरा पहुंचकर बारह खंबा मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। बैठक और निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेले में लगने वाले झूलों की मजबूती और सुरक्षा की जांच आयोजन से पहले अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। मेले में उमडऩे वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजलए मेला क्षेत्र में साफ सफाई और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने भी सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम स्वाती मिश्रा, तहसीलदार गजेन्द्र लोधी और जनपद सीईओ रूसाली पोरस सहित तमाम प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
पटाखा बाजार में भी देखी व्यवस्थाएं
मेले की समीक्षा के साथ ही कलेक्टर बालागुरू के., एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीएम स्वाती मिश्रा ने दीपावली के मद्देनजर पटाखा बाजार के लिए निर्धारित स्थल का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पटाखा दुकानों के आवंटन, दुकानों के बीच सुरक्षित दूरी और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि पटाखा बाजार में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो। दुकानों पर अग्निशमन यंत्र और रेत-पानी की पर्याप्त बाल्टियां रखी जाएं तथा केवल तय स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री हो। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button