Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वर धाम के सामने अनियंत्रित वाहन दुकानों में घुसा, हादसे में 4 श्रद्धालु घायल, एक को गंभीर फ्रैक्चर

सीहोर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वर धाम के सामने बने मुख्य बाजार में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक तेज रफ्तार वाहन अचानक बेकाबू होकर सडक़ किनारे बनी पूजन सामग्री की दुकानों में जा घुसा। इस भीषण दुर्घटना में दुकानों के बाहर खड़े चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक श्रद्धालु को पैर में फ्रैक्चर आया है। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय कुबेरेश्वर धाम के सामने बाजार में अच्छी-खासी चहल-पहल थी। देश-प्रदेश से आए श्रद्धालु दुकानों पर पूजा-अर्चना की सामग्री खरीद रहे थे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन दुकानों को रौंदता हुआ अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकानों के शेड टूट गए और बाहर रखा सारा सामान चकनाचूर होकर बिखर गया। वाहन की चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा तफरी का माहौल बन गया।
श्रद्धालुओं ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसा होते ही आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला। लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
कुबेरेश्वर धाम का ही निकला वाहन
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार हादसे में शामिल वाहन कुबेरेश्वर धाम समिति का ही है जिसका उपयोग धाम परिसर में चढऩे वाली पूजन सामग्री को एकत्रित करने के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया कि चालक की लापरवाही और तेज गति के कारण यह हादसा हुआ है। दुर्घटना में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक व्यक्ति को गंभीर फ्रैक्चर आया है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग खड़ा हुआ है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button