Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

नगर परिषद में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, मुख्य गेट पर ताला लगाने की कोशिश, पुलिस से धक्का-मुक्की

सीहोर। इछावर नगर परिषद में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं और जनसमस्याओं के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल और वरिष्ठ नेता बृजेश पटेल की मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद के मुख्य गेट पर ताला जडऩे का प्रयास किया।
बता दें सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्र हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव करते हुए उग्र नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता जैसे ही मुख्य गेट पर ताला लगाने के लिए आगे बढ़े तो वहां तैनात पुलिस बलों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।
इस बात पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड्स के पास खड़े होकर प्रशासन की कार्यशैली और तानाशाही रवैये के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।
नगर परिषद तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, के गूंजे नारे
प्रदर्शन के दौरान पूरा परिसर कांग्रेस जिंदाबाद और नगर परिषद तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट आरोप है कि इछावर नगर परिषद में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बडिय़ों और भ्रष्टाचार फल फूल रहा है। नगर परिषद की अव्यवस्थाओं के कारण आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है और काफी परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे बैठे हैं।
ज्ञापन सौंपकर दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
हंगामे और विरोध-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नगर परिषद में जारी भ्रष्टाचार पर तुरंत रोक लगाने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया और जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, वरिष्ठ नेता बृजेश पटेल, कई स्थानीय कांग्रेस पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button