केंद्रीय मंत्री शिवराज देंगे बड़ी सौगात, इछावर में 36 सडक़ों का भूमिपूजन 27 को, बोरदी कलां में सजेगा मंच

सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 27 सितंबर को अपने संसदीय क्षेत्र के इछावर विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इछावर तहसील के ग्राम बोरदी कलां में आयोजित भव्य राज्यस्तरीय-क्षेत्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना-4 के तहत स्वीकृत 36 ग्रामीण मार्गों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
जानकारी के अनुसार ग्राम बोरदी कलां में 27 सितंबर को सुबह 11.30 बजे भूमिपूजन समारोह आयोजित होगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की गरिमामयी मौजूदगी में इन सभी 36 ग्रामीण सडक़ों की आधारशिला रखी जाएगी। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित निर्माण विभागों द्वारा बोरदी कलां में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री के साथ ये वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा तथा जिले की प्रभारी मंत्री व पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा, इछावर जनपद अध्यक्ष रेखा बाई जगदीश पटेल और सीहोर जनपद अध्यक्ष नावड़ी बाई बारेला भी मंच पर मौजूद रहेंगी।
सुगम होगा ग्रामीण आवागमन
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत स्वीकृत इन 36 नए मार्गों के बन जाने से इछावर विधानसभा के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की व्यवस्था पूरी तरह सुधर जाएगी। इन सडक़ों के बनने से गांवों की सीधी कनेक्टिविटी मुख्य मार्गों, जिला मुख्यालय और स्थानीय बाजारों से हो सकेगी। इससे इछावर क्षेत्र के ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि उपज को मंडियों तक ले जाने तथा दैनिक आवश्यकताओं के लिए परिवहन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से बेहतर सडक़ कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे गांवों के लिए यह विकास कार्य मील का पत्थर साबित होगा।



