Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

रुद्रधाम आश्रम में ब्रह्मलीन संतों को दी श्रद्धांजलि, विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

बड़े गुरुजी श्री परमहंसजी और छोटे गुरुजी संत बजरंगगिरीजी महाराज की स्मृति में आयोजित हुआ कार्यक्रम, पादुका पूजन के बाद हुआ भंडारा

सीहोर। जिले के प्रसिद्ध रमगड़ा स्थित रूद्रधाम आश्रम में ब्रह्मलीन संतों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आश्रम के बड़े गुरुजी श्री 1008 परमहंसजी महाराज और संस्थापक व छोटे गुरुजी के नाम से विख्यात संत श्री बजरंगगिरीजी महाराज के ब्रह्मलीन होने के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत, नर्मदा परिक्रमावासी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत संतों के पादुका पूजन से हुई, जहां श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने संतों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सोयत के महावीर भजन मंडल के कलाकारों ने भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। भजन गायक शंभू चौबे के भक्तिमय भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पादुका पूजन और श्रद्धांजलि सभा के बाद विशाल भंडारा शुरू हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
एक पखवाड़े के भीतर दोनों गुरुजनों ने त्यागी थी देह –

रूद्रधाम आश्रम संचालन समिति के अध्यक्ष रामभरोस पंवार एवं सचिव सीताराम जाट ने बताया कि 30 अगस्त को बड़े गुरुजी 1008 श्री परमहंसजी महाराज ने देह त्याग दी थी, जिन्हें मरदानपुर स्थित आश्रम में समाधि दी गई थी। इसके ठीक 13 दिन बाद छोटे गुरुजी संत श्री बजरंगगिरीजी महाराज भी ब्रह्मलीन हो गए थे, जिन्हें रूद्रधाम आश्रम में ही वैदिक रीति-रिवाज से समाधि दी गई थी।
कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और संत रहे मौजूद –

इस अवसर पर विधायक रमाकांत भार्गव, वरिष्ठ नेता गुरुप्रसाद शर्मा, रघुनाथ सिंह भाटी, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी, जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, रामनारायण साहू, अनार सिंह चौहान, आशीष शर्मा, चंदू खंडेलवाल, महेश उपाध्याय, विनय भार्गव, साकेत भार्गव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button