Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीहोर जिले में 9 नगरीय निकाय, पर बुधनी ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले और प्रदेश का मान

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में हासिल किया तीसरा स्थान, नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित

सीहोर। जिले के कुल 9 नगरीय निकायों के बीच नगर परिषद बुधनी ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान रचते हुए पूरे जिले और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। केंद्र सरकार द्वारा कराए गए स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में बुधनी नगर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरते हुए 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधनी को प्रतिष्ठित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि सीहोर जिले में कुल 9 नगरीय निकाय कार्यरत हैं। इनमें सीहोर और आष्टा दो नगर पालिकाएं हैं, जबकि बुधनी, रेहटी, भैरुंदा, शाहगंज, कोठरी, जावर और इछावर सहित कुल 7 नगर परिषदें शामिल हैं। जिले के इन सभी 9 निकायों में स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन छोटी नगर परिषद होने के बावजूद बुधनी ने अपनी बेहतरीन कार्ययोजना, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी के दम पर राष्ट्रीय मंच पर जो मुकाम हासिल किया है।
राष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान
मंगलवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में जैसे ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से बुधनी को देश के तीसरे सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला, पूरे सीहोर जिले और विशेषकर बुधनी नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को बधाई देकर इस गौरवपूर्ण क्षण का जश्न मनाया।
कलेक्टर ने सफाई मित्रों, नगरवासियों और परिषद की टीम को दी बधाई
बुधनी की इस बड़ी उपलब्धि पर कलेक्टर बालागुरु के. ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नगरवासियों, सफाईमित्रों और नगर परिषद की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वच्छता के प्रति आम नागरिकों की जागरूकता, दिन-रात मेहनत करने वाले सफाईमित्रों के समर्पण और नगर परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक एवं योजनाबद्ध प्रयासों को दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बुधनी की इस सफलता से प्रेरित होकर जिले के अन्य नगरीय निकाय भी आगामी सर्वेक्षणों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button