पत्नी ने पति को पिलाया जहर, फिर जेवर-नकदी समेटकर घर में लगा दी आग
बड़ी ग्वालटोली के पीडि़त पति ने एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार, पत्नी-सास और साले पर दर्ज कराई शिकायत

सीहोर। शहर के बड़ी ग्वालटोली गंज क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने ही पति को धोखे से जहरीला पदार्थ पिलाने और इसके बाद घर से करीब 5 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर लेकर भागने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं महिला पर जाते-जाते घर में तोडफ़ोड़ कर आग लगाने का भी गंभीर आरोप है। पीडि़त पति ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
पीडि़त दिनेश यादव द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन के अनुसार 17 सितंबर की रात करीब 8 बजे उसकी पत्नी ने फोन कर कहा कि छोटी बेटी छत से गिर गई है। हादसे की खबर सुनते ही दिनेश आनन फानन में घर पहुंचा। आरोप है कि घर पहुंचते ही पूर्व नियोजित साजिश के तहत उसके साले कालू ने दिनेश के हाथ पकड़ लिए और सास कांता बाई ने उसके बाल पकड़ लिए। इसी दौरान उसकी पत्नी ने एक डिब्बी में रखा जहरीला पदार्थ जबर्दस्ती उसे पिला दिया। तबीयत बिगडऩे पर किसी तरह दिनेश को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार हुआ।
लाखों की नकदी, जेवर समेटे और घर में लगा दी आग
दिनेश ने बताया कि 20 सितंबर को जब उसे अस्पताल से छुट्टी मिली और होश आया तो उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी घर में रखी लगभग 5 लाख रुपये की नकदी, सोने का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, चांदी की पायजेब तथा अन्य कीमती घरेलू सामान लेकर अपने मायके चंपत हो गई है। आरोप है कि जाते-जाते उसने घर का फर्श खोदा, तोडफ़ोड़ की और घर में आग लगा दी।
फायर ब्रिगेड और 112 ने पाया था आग पर काबू
मोहल्लेवासियों और रिश्तेदारों से पीडि़त को पता चला कि घर से धुंआ उठते देख पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड और डायल-112 को सूचना दी थी, जिसके बाद दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा काफी सामान जलकर खाक हो चुका था।
प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार
घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर पीडि़त परिवार में भारी निराशा है। पीडि़त दिनेश यादव ने एसपी से गुहार लगाते हुए कहा कि उसे अपनी पत्नी, सास और साले से जान-माल का गंभीर खतरा बना हुआ है। घटना के बाद से उसके पास रहने, खाने और पहनने तक के साधन नहीं बचे हैं। पीडि़त ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।



