अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाएं सख्त अभियान, नियमित करें पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त
- पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने किया थाना रेहटी, बुधनी एवं एसडीओपी कार्यालय बुधनी का वार्षिक निरीक्षण

सीहोर। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना द्वारा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अभिलेखों के संधारण, पुलिस बल की कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा थानों की कार्यक्षमता को परखने के उद्देश्य से थाना रेहटी, थाना बुधनी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय बुधनी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित प्रभारियों एवं स्टाफ को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण तथा जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने के कड़े दिशा-निर्देश दिए। रेहटी थाने पहुंची एसपी ने थाना प्रभारी को अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अपराधियों के विरूद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसी तरह बुधनी थाना पुलिस को नियमित पेट्रोलिंग व रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए गए। एसडीओपी कार्यालय में भी एसपी श्रीमती सक्सेना ने रिकार्ड की जांच की एवं एसडीओपी रवि शर्मा को दिशा-निर्देश दिए।
रेहटी में देखी महिला हेल्प डेस्क-
निरीक्षण के प्रथम चरण में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना थाना रेहटी पहुंचीं, जहां उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार एवं महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने मालखाने में रखे जप्ती माल के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। अपराध समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने, महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों में तत्परता से वैधानिक कार्यवाही करने तथा लंबित वारंटों एवं समंसों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने थाना बुधनी का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना भवन की आंतरिक व बाह्य स्वच्छता का जायजा लिया एवं थाने के समस्त अभिलेखों जैसे अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, जब्ती रजिस्टर व मर्ग डायरियों का सूक्ष्म अवलोकन कर प्रविष्टियों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। क्षेत्र की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने औद्यौगिक एवं शहरी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए नियमित पेट्रोलिंग व रात्रि गश्त तेज करने पर जोर दिया। साथ ही, थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता से सुनकर उस पर तत्काल वैधानिक कदम उठाने एवं बीट प्रणाली को अधिक सक्रिय बनाकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की हिदायत दी।
एसडीओपी बुधनी को दिए अनसुलझे प्रकरणों की मॉनीटरिंग के निर्देश-
निरीक्षण के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय बुधनी पहुंचीं। यहां उन्होंने अनुभाग स्तर के सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों, विभागीय जांचों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा वरिष्ठ स्तर से प्राप्त पत्रों व निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने एसडीओपी बुधनी को अनुभाग के समस्त थानों में लंबित गंभीर व अनसुलझे प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने, पर्यवेक्षण को अधिक प्रभावी बनाने तथा पुराने लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण हेतु कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण, समस्याओं के समय पर निराकरण और अनुभाग में पुलिसिंग के उच्च मानकों को बनाए रखने पर विशेष बल दिया। वार्षिक निरीक्षण के अवसर पर एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा एवं संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।



