Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

पुलिस को मिली दोहरी सफलता: 24 घंटे में 4 लाख की सोलर प्लांट चोरी का खुलासा, बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाला आरोपी भी गिरफ्तार

सीहोर। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और संबंधित पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग आपराधिक मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। बुधनी थाना पुलिस ने जहां सोलर प्लांट में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश किया है, वहीं कोतवाली पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन झपटने वाले शातिर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
बुधनी में सोलर प्लांट से 4 लाख की चोरी, एक आरोपी धराया
बुधनी क्षेत्र में जेक्सन कंपनी द्वारा स्थापित किए जा रहे सोलर प्लांट में 1 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोरों ने परिसर में रखे कंटेनर का ताला तोडक़र कॉपर वायर, ग्रीन कॉपर वायर, केबल, मीटर, कुर्सियां, फेंसिंग जाली और प्रिंटर सहित करीब 4 लाख रुपये मूल्य का सामान पार कर दिया था। 2 अक्टूबर की सुबह जब कर्मचारियों को ताला टूटा मिला तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की। संदेह के आधार पर ग्राम पातालखो निवासी कन्हैया कीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसके घर से चोरी किया गया पूरा 4 लाख रुपये का माल बरामद कर लिया। मामले में शामिल अन्य सह आरोपियों की तलाश जारी है।

कोतवाली पुलिस ने पकड़ा चेन स्नेचर
दूसरी कार्रवाई शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। 30 सितंबर को श्रवण का बगीचा निवासी 74 वर्षीया बुजुर्ग महिला बसंती बाई अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। तभी सफेद रंग की स्कूटी पर मुंह बांधकर आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे किसी का पता पूछने के बहाने उनके गले से करीब एक तोले की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी से पकड़ाए आरोपी
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी गिरीश दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखी संदिग्ध स्कूटी के मालिक तक पहुंचने पर पता चला कि गाड़ी उसका भाई उपयोग कर रहा था। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी शाजिल खान उर्फ बाबू निवासी लाल मस्जिद के पास सीहोर को भोपाल से हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1 लाख रुपये कीमत की लूटी गई सोने की चेन और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button