सलकनपुर देवीधाम में आईजी रुचि वर्धन मिश्र ने किया निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण और सुगम दर्शन के दिए निर्देश
एसपी सोनाक्षी सक्सेना के साथ मंदिर परिसर और पार्किंग व्यवस्था का लिया जायजा, सीसीटीवी, ड्रोन और महिला पुलिस बल की तैनाती के सख्त निर्देश

सीहोर। पवित्र नवरात्रि महापर्व के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़, धार्मिक उत्साह और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में 13 अक्टूबर को भोपाल जोन की पुलिस महानिरीक्षक रुचि वर्धन मिश्र ने जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीधाम सलकनपुर पहुंचकर संपूर्ण सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान आईजी रुचि वर्धन मिश्र ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश व निकास द्वारों, लाइन व्यवस्था, पार्किंग स्थलों और आपातकालीन निकास मार्गों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने मंदिर न्यास के पदाधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा से जुड़ी कार्य-योजना की समीक्षा की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और हर एक श्रद्धालु को पूरी तरह सुरक्षित वातावरण देना पुलिस की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष बैरिकेडिंग, लगातार निगरानी रखने और परिसर में स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश दिए, ताकि दर्शनार्थियों को बिना किसी परेशानी के सुगम दर्शन मिल सकें और कहीं भी भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
यह प्रमुख दिशा-निर्देश दिए
– मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पैनी नजर रखी जाए।
– मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए डायवर्जन और वैकल्पिक रास्तों का सुचारू संचालन किया जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे।
– महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष महिला पुलिस बल तैनात किया जाए और खोया-पाया केंद्र पूरी सक्रियता से काम करे।
– किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए चिकित्सा दल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाडय़िां हर समय अलर्ट मोड पर रहें।
पुलिसकर्मियों को शालीन व्यवहार की हिदायत
आईजी ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे श्रद्धालुओं के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगी रुख अपनाएं। साथ ही जेबकतरों और किसी भी तरह की असामाजिक या संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी और सख्त नजर रखी जाए। इस दौरान एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने जोन की आईजी को सलकनपुर मंदिर में लागू की गई पूरी सुरक्षा योजना, सेक्टरों के हिसाब से पुलिस बल के विभाजन और अतिरिक्त जवानों की तैनाती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद आईजी ने सलकनपुर चौकी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा, स्थानीय थानों के प्रभारी, यातायात पुलिस अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।



