Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सलकनपुर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रेक्टर ट्राली में डंपर ने मारी टक्कर, एक की मौत, 24 घायल

सीहोर। सलकनपुर से मां बिजासन देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। बुधनी हाईवे बायपास पर हुए इस भीषण सडक़ हादसे में रायसेन के खपरिया गांव की एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत करीब दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और शादी.त्योहार जैसी खुशियां पलभर में आंसुओं में तब्दील हो गईं।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु सलकनपुर स्थित मां बिजासन देवी के दर्शन-पूजन करने गए थे। माता के दर्शन कर सभी लोग खुशी-खुशी अपने गृह गांव रायसेन जिले के खपरिया वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली बुधनी हाईवे बायपास के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
श्रद्धालु भूरी केवट की मौत
इस सडक़ हादसे में रायसेन जिले के खपरिया गांव की रहने वाली महिला भूरी केवट की असमय मृत्यु हो गई। घटना की खबर जैसे ही उनके गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम और शोक की लहर दौड़ गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया, लेकिन हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 8 लोगों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज और उच्च स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने यातायात को सुचारू करवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button