निकायों की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं कलेक्टर, जताई नाराजगी, सभी सीएमओ को दिए सख्त निर्देश

सीहोर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरु के. ने जिले में साफ सफाई की मौजूदा स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की है। नगरीय क्षेत्रों में फैली गंदगी को लेकर उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें और शहर में उच्च स्तर की साफ सफाई सुनिश्चित करें।
बता दें कि सीहोर जिले में कुल 9 नगरीय निकाय हैं। इनमें सीहोर और आष्टा दो प्रमुख नगर पालिका परिषदें हैं, जबकि जावर, कोठरी, रेहटी, बुधनी, भैरुंदा, शाहगंज और इछावर सात नगर पंचायतें शामिल हैं। कलेक्टर ने इन सभी निकायों के अधिकारियों को चेताया है कि स्वच्छता के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वच्छता व्यवस्था और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ ही कचरे का उचित तरीके से निष्पादन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और विभिन्न शिविरों में प्राप्त शिकायतों व आवेदनों का समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने पर जोर दिया गया।
अवैध विस्फोटक पर रोक
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पटाखेए कार्बाइड गन और अन्य विस्फोटक सामग्री के अवैध विक्रय पर प्रभावी रोक लगाई जाए। साथ ही आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्निशमन यंत्रों सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कम वर्षा के चलते जल संरक्षण का रखें ध्यान
जिले में औसत से कम वर्षा को देखते हुए कलेक्टर ने किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे किसानों को जल संसाधनों के बेहतर उपयोग की जानकारी दें। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे पानी का मितव्ययी उपयोग करें और जल संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाएं।
कर्मचारियों को दें प्रशिक्षण
विद्युत वितरण कंपनी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि बिजली संबंधी हादसों को रोकने के लिए तकनीकी कर्मचारियों का नियमित प्रशिक्षण कराया जाए। कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित हो। इसके अलावाए रबी फसलों को विद्युत स्पार्किंग से होने वाली आगजनी से बचाने के लिए ढीले तारों और खराब उपकरणों की समय पर मरम्मत करने के निर्देश दिए गए।
अवैध शराब पर हो सख्ती
कलेक्टर ने आबकारी विभाग को शराब के अवैध क्रय-विक्रय, परिवहन और निर्माण पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वामित्व योजना के दस्तावेजों के पंजीयन, वन ग्रामों के राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन, गौशालाओं की व्यवस्थाओं, संबल योजना के लंबित प्रकरणों और वर्षा से क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना, संयुक्त कलेक्टर रविन्द्र परमार, एसडीएम तन्मय वर्मा, स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर प्रेम सिंह गौड़ और गिरीराज सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



