Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीहोर में कांग्रेस की हुंकार, वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान का आगाज, 1 नवंबर को दिल्ली में होगी महारैली

सीहोर। स्थानीय कुईया श्री गार्डन में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक बालासाहेब थोराट और सह पर्यवेक्षक रजनीश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में जिलेभर में 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को बूथ स्तर तक चलाने की रूपरेखा तय की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से लाखों नाम हटाए जाने पर गंभीर सवाल उठाए और आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय महारैली में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस के देशव्यापी वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में सीहोर जिला प्रभारी जयश्री हरिकिरण, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, सीहोर विधानसभा प्रभारी दिनेश मेघानी, इछावर विधानसभा प्रभारी कैलाश परमार तथा पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बूथ स्तर पर सक्रिय होंगे कार्यकर्ता
बैठक की शुरुआत में संगठन महामंत्री विवेक राठौर और सीहोर ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम यादव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ व पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक बालासाहेब थोराट एवं सह पर्यवेक्षक रजनीश सिंह ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है और इसकी रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा से सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने इस अभियान को प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक ले जाने पर बल दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलने वाले इस महीने भर के अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए पार्टी पदाधिकारियों और अनुषांगिक संगठनों से एकजुट होकर जमीनी स्तर पर जुटने का आह्वान किया।
घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची की होगी सघन जांच
अभियान के तहत गांवों में चौपालों, घर-घर जनसंपर्क और संगठनात्मक बैठकों के जरिए मतदाता सूचियों की बारीकी से जांच की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर वोट रक्षक के रूप में काम करेंगे और मतदाता सूची से संबंधित मामलों का पूरा रिकॉर्ड तैयार करेंगे। मतदाताओं से प्राप्त शिकायतों का सत्यापन किया जाएगा। पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने और स्पेलिंग या पते जैसी त्रुटियों को सुधरवाने के लिए आवेदन तैयार कर निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर उठाए गंभीर सवाल
बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश की मतदाता सूचियों में हुए बड़े बदलावों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया।
पार्टी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पुनरीक्षण से पहले प्रदेश में कुल 5 करोड़ 74 लाख 06 हजार 143 पंजीकृत मतदाता थे। प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 रह गई। अंतिम सूची में कुल 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 065 मतदाता दर्ज किए गए जिसमें 2 करोड़ 79 लाख 04 हजार 975 पुरुष, 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 186 महिला और 904 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान 34 लाख 25 हजार 078 नाम हटाए गए, जबकि प्रारूप से अंतिम सूची तक 8 लाख 49 हजार 082 मतदाताओं की ही वृद्धि हुई। नेताओं ने मांग की कि नाम हटाए जाने के कारणों की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे।
1 नवंबर को दिल्ली में होगी महारैली
बैठक में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली को लेकर भी रूपरेखा तय की गई और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया।
बैठक में ये प्रमुख कांग्रेसजन रहे मौजूद
बैठक के दौरान संगठन महासचिव विवेक राठौर, सीहोर ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम यादव, कमल सिंह चौहान, विष्णु प्रसाद राठौर, चंपालाल राठौर, प्रीतम दयाल चौरसिया, राशिद चाचा, रमेश गुप्ता, सुनील दुबे, सीताराम भारती, गणेश तिवारी, नरेन्द्र खंगराले, गुलाब भाई ठाकुर, दीप्ति कीर, आरती खंगराले, ममता शर्मा, डॉ. ए. आजाद, जाहिद गुड्डू, प्रेम पटारिया आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button