किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, उनके अधिकारों के लिए सडक़ से सदन तक होगा संघर्ष: चौहान

सीहोर। किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना ही हमारा सबसे पहला कर्तव्य है। यह बात किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने जिला मुख्यालय पर आयोजित किसान कांग्रेस की प्रथम जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान दिया। स्थानीय कुइयां गार्डन में आयोजित इस बैठक में संगठन को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं को लेकर विस्तार से रणनीति बनाई गई। बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि आज अन्नदाता हर मोर्चे पर परेशान है, ऐसे में संगठन की जिम्मेदारी है कि वह उनके हक के लिए मजबूती से खड़ा हो। उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे गांव-गांव तक पहुंचें, किसानों की समस्याएं जानें और उनके समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी बंद नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
सज्जन सिंह वर्मा ने सरकार पर साधा निशाना
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व सांसद सज्जन सिंह वर्मा ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल चंद बड़े व्यापारियों और उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है, जबकि खाद-बीज की किल्लत और उचित मूल्य न मिलने के कारण किसान आर्थिक दबाव में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे किसानों के हित में अपना संघर्ष और तेज करें।

बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा
बैठक के बाद धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां ज्ञापन का वाचन करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि सीहोर जिले का किसान खाद की कथित कालाबाजारी, अघोषित बिजली कटौती और फसल मुआवजे में देरी से त्रस्त है। कांग्रेस ने मांग की कि किसानों को समय पर खाद मिले, बिजली व्यवस्था सुधरे और मुआवजा राशि जल्द वितरित की जाए। इस अवसर पर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश चौहान, अरुण श्रीवास्तव, शैलेंद्र पटेल, कैलाश परमार, अशोक कप्तान, दिनेश मेघानी, चेतन सिंह ठाकुर सहित जिलेभर के तमाम वरिष्ठ नेता, ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



