आसाराम बापू के इलाज और सुविधाओं को लेकर सीहोर में सौंपा ज्ञापन, राष्ट्रपति से आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराने की मांग

सीहोर। जोधपुर जेल में बंद आसाराम बापू की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति, उपचार और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा को लेकर गुरुवार को सीहोर में सेवादारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन दर्ज कराया। योग वेदांत सेवा समिति के अध्यक्ष केके विश्वकर्मा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने डिप्टी कलेक्टर गिरराज परिहार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 87 वर्षीय वयोवृद्ध आसाराम बापू पिछले करीब 13 वर्षों से जोधपुर केंद्रीय कारागार में निरुद्ध हैं। वे उम्र संबंधी कई गंभीर बीमारियों और दीर्घकालिक रोगों से पीडि़त हैं। हाल ही में उन्हें गंभीर हृदयाघात भी आया था। उनके परिजनों, समर्थकों और अनुयायियों का कहना है कि जेल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाएं उनकी नाजुक स्थिति के लिए अपर्याप्त हैं।
आरोग्यम् अस्पताल में भर्ती कराने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की गई है कि न्यायालयों के आदेशों के अनुरूप आसाराम बापू को तत्काल जोधपुर के आरोग्यम् अस्पताल में भर्ती कराकर समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए। साथ ही जेल परिसर में भी उन्हें आवश्यक चिकित्सा और बुनियादी मानवीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि उनके स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे कार्यकर्ता
इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में सेवादार मौज्ूद रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से केके विश्वकर्मा, अभिषेक पांडे, अरुण देवड़ा, अशोक गोयल, महेश प्रजापति, हरीश प्रजापति, कैलाश प्रजापति, योगेंद्रसिंह परिहार, मुकेश मेवाड़ा, विजेंद्रसिंह, कुमेरसिंह मालवीय, राधेश्याम वर्मा, मुकेश परमार और अंकित भाटी आदि मौजूद रहे।



