Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने पाया खजाना प्रसाद

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित विश्व प्रसिद्ध आस्था केंद्र कुबेरेश्वरधाम में दीपावली का महापर्व अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पूरे आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण बाबा कुबेर भंडारी का विशेष खजाना पूजन और श्रद्धालुओं को वितरित किया जाने वाला खजाना प्रसाद रहा। दीपोत्सव के पावन अवसर पर देश के कोने-कोने से पहुंचे हजारों भक्तों ने बाबा कुबेर के दरबार में माथा टेका और समृद्धि का प्रतीक माने जाने वाला यह विशेष खजाना प्रसाद प्राप्त कर अपने आप को धन्य महसूस किया।
दीपावली के अवसर पर पूरा कुबेरेश्वरधाम आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी, विद्युत झालरों और भव्य साज-सज्जा से जगमगाता रहा। मान्यता है कि दीपोत्सव के दौरान बाबा कुबेर भंडारी के विशेष पूजन के बाद मिलने वाले खजाना प्रसाद को घर की तिजोरी या पूजा स्थल पर रखने से परिवार में वर्ष भर सुख, शांति, समृद्धि और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। इसी आस्था के चलते हजारों श्रद्धालु खजाना पूजन में शामिल हुए। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और अन्य समर्पित सदस्यों ने पूरी व्यवस्था संभालते हुए कतारबद्ध श्रद्धालुओं को आदरपूर्वक खजाना प्रसाद वितरित किया।
पांच दिवसीय अनुष्ठान और गौ सेवा का संदेश
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के पावन सानिध्य में धाम पर लगातार पांच दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति और समस्त जीव-जंतुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म में गौ माता के शरीर में समस्त देवी.देवताओं का वास माना गया है और गाय को देवी लक्ष्मी का ही स्वरूप कहा गया है। जिस प्रकार मां लक्ष्मी सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं, उसी प्रकार गौ माता अपने अमृततुल्य दूध से मानव जीवन को स्वास्थ्य रूपी धन देती हैं।

अब आगामी दिनों में सजेगा भव्य अन्नकूट महोत्सव
खजाना प्रसाद वितरण और दीपोत्सव के सफल समापन के बाद अब कुबेरेश्वरधाम में भव्य अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में मंदिर परिसर में अद्भुत बृजधाम की झलक दिखाई देगी।
56 और 108 प्रकार के व्यंजनों का भोग
धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण को 56 और 108 प्रकार के पकवानों, मिष्ठान और सब्जियों से बने गिरिराज गोवर्धन पर्वत के आकर्षक स्वरूप का महाभोग अर्पित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान समिति की महिला सदस्यों और श्रद्धालुओं द्वारा आकर्षक रंगोली सजाकर गौ माता एवं गोवर्धननाथ जी की आरती उतारी जाएगी, जिसके बाद सभी भक्तों को अन्नकूट महाप्रसादी का वितरण होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button