Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

डीआईजी राजेश चंदेल ने खुद संभाली खाईखेड़ा लापता परिवार मामले की कमान, घटनास्थल का किया निरीक्षण

सीहोर। अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा से एक ही परिवार के तीन सदस्यों के रहस्यमयी तरीके से लापता होने के गंभीर मामले में अब पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मामले की सुई और गंभीरता को देखते हुए डीआईजी राजेश चंदेल ने खुद पूरे मामले की कमान अपने हाथों में ले ली है। शनिवार को डीआईजी चंदेल ने स्वयं ग्राम खाईखेड़ा पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और लापता परिजनों के घर जाकर बात की। उनके सख्त निर्देशों के बाद अब पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और हर पहलू से इस गुत्थी को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार खाईखेड़ा गांव निवासी सुरेश दांगी, उनकी पत्नी ओमवती और बेटा राजेश पिछले 12 दिनों (3 नवंबर) से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हैं। मामले की जांच के तहत डीआईजी राजेश चंदेल के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार घटनास्थल और आसपास के इलाकों की छानबीन कर रही है। तलाशी के दौरान पुलिस को एक नाले के पास लापता परिवार की मोटरसाइकिल, फफूंद लगी रोटियों से भरा टिफिन, एक हंसिया और लौटा बरामद हुआ है। इन संदिग्ध वस्तुओं के मिलने से अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई है, जिसके चलते पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही डॉग स्क्वॉड और तकनीकी मदद भी ले रही है।
बेटी ने मामाओं पर लगाए साक्ष्य छिपाने के गंभीर आरोप
इस सनसनीखेज मामले में नया मोड़ तब आया जब लापता दंपती की बेटी किरण दांगी ने जिला जनसुनवाई में पहुंचकर अपने ही मामा डालचंद और चंदन पर संगीन आरोप लगाए। किरण के अनुसार उसके माता-पिता और भाई गत 24 अक्टूबर से खाईखेड़ा स्थित एक विवादित जमीन पर रह रहे थे और 3 नवंबर की रात से रहस्यमयी ढंग से गायब हैं। किरण ने दावा किया कि घटना की रात उसके दोनों मामा भी वहीं मौजूद थे। शक तब और गहरा गया जब गायब होने के ठीक अगले दिन घटनास्थल पर बनी एक दीवार पर लाल रंग पोता हुआ मिला, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि वहां मौजूद साक्ष्यों को मिटाने या छिपाने की कोशिश की गई है।
जीजा ने खुद रचा है गायब होने का नाटक
दूसरी ओर गंभीर आरोप लगने के बाद आरोपी बताए जा रहे दोनों मामा डालचंद और चंदन, कलेक्टर और एसपी कार्यालय पहुंचे और खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त जमीन का विवाद पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है और हाईकोर्ट से उनके पक्ष में स्टे मिल चुका है। मामाओं ने दावा किया कि कानूनी शिकंजे और कोर्ट की अवमानना से बचने के लिए सुरेश दांगी ने खुद ही अपने परिवार के साथ मिलकर गायब होने का यह नाटक रचा हैए ताकि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया जा सके। उन्होंने पुलिस के सामने चुनौती दी है कि यदि कोई संदेह है तो पुलिस चाहे तो उस दीवार को खुदवाकर भी जांच कर सकती है।
डीआईजी की निगरानी में जल्द खुलासे की उम्मीद
मामले में लगातार बढ़ रहे राजनीतिक और पारिवारिक तनाव के बीच डीआईजी राजेश चंदेल के सक्रिय होने से जांच में तेजी आई है। पुलिस अब बेटी के आरोपों और मामाओं के दावोंकृदोनों ही दिशाओं में साक्ष्यों को टटोल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह मामला अपहरण, साक्ष्य छिपाने का है या फिर किसी सोची-समझी साजिश का।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button