Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम पहुंचे योगानंदेश्वर सरस्वती मठ के पीठाधीश्वर शंकर भारती महास्वामी, पंडित प्रदीप मिश्रा से की भेंट

सीहोर। कर्नाटक स्थित यडतोरे श्री योगानंदेश्वर सरस्वती मठ के पीठाधीश्वर श्रीश्री शंकर भारती महास्वामी शनिवार को कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। सनातन धर्म की आध्यात्मिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने और उन ऐतिहासिक स्थलों का दस्तावेजीकरण करने के उद्देश्य से वे इन दिनों भारत यात्रा पर हैं, जहां प्राचीन काल में आदि शंकराचार्य के चरण पड़े थे। इसी यात्रा के तहत कुबेरेश्वरधाम पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्होंने कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से सौजन्य भेंट की।
महास्वामी अपने शिष्य मंडल के साथ कुबेरेश्वरधाम मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां निर्माणाधीन मुरली मनोहर और कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव-पार्वती, श्रीराम-सीता और श्रीकृष्ण-राधा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। दर्शन के पश्चात उन्होंने धाम की गौशाला, बाबा की शिला और श्रद्धालुओं के लिए चलाई जा रही नि:शुल्क भोजन प्रसादी व्यवस्था का भी बारीकी से अवलोकन किया।
एकात्मवाद और सनातन संस्कृति पर चर्चा
पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ हुई आध्यात्मिक चर्चा के दौरान महास्वामी ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, भारतीय जीवन मूल्यों की पुन: स्थापना और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने एकात्मवाद के तीन स्वरूप ब्रह्म रूप, व्यावहारिक रूप और आध्यात्मिक रूप का जिक्र करते हुए उपस्थित संतों से आह्वान किया कि वे आध्यात्मिक स्वरूप के संदेश को एकरूपता के साथ पूरे समाज में प्रचारित और प्रसारित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button