कुबेरेश्वरधाम में मंगलवार को मनेगा गोपाष्टमी और अन्नकूट महोत्सव, 56 व्यंजनों के साथ लगेगा 108 भोग
पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में होगा आयोजन

सीहोर। कुबेरेश्वरधाम में मंगलवार को गोपाष्टमी के पावन अवसर पर अन्नकूट महोत्सव पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में होने वाले इस धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्सव के दिन मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का वितरण शुरू किया जाएगा।
गोपाष्टमी के इस खास मौके पर मंदिर परिसर में भगवान गिरिराज गोवर्धन की बेहद आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों के साथ कुल 108 भोग अर्पित किए जाएंगे। इस बार के अन्नकूट महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रसादी में स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य और पोषण का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इम्युनिटी बढ़ाने वाली औषधीय और पौष्टिक खाद्य सामग्रियों से विशेष पकवान तैयार किए जा रहे हैं।
गौसेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश
पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने प्रवचनों में सनातन संस्कृति में गौमाता की सेवाए संरक्षण और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के महत्व पर प्रकाश डाला है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रकृति, गोवंश और सभी जीवों के प्रति प्रेम और करुणा की सीख देता है। गोवर्धन पूजा हमें यह सिखाती है कि अन्नए जलए प्रकृति और पर्यावरण हमारे जीवन के मुख्य आधार हैं, जिनके प्रति हमें हमेशा कृतज्ञ रहना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सच्ची आराधना जीवों की सेवा और जरूरतमंदों की मदद में ही निहित है।
निरंतर जारी है भंडारे की व्यवस्था
विठलेश सेवा समिति की ओर से कुबेरेश्वरधाम पर रोजाना बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था लगातार चलाई जा रही है। आयोजन और भंडारे की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।



