Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम में धूमधाम से मनी गोपाष्टमी, अन्नकूट महोत्सव में लगा 108 व्यंजनों का भोग

हजारों श्रद्धालुओं ने गौमाता की पूजा कर पाया प्रसाद

सीहोर। जिला मुख्यालय के पास चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में मंगलवार को गोपाष्टमी और अन्नकूट महोत्सव का पर्व बड़ी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए धाम में हजारों श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।
मंदिर के पट खुलते ही भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। इसके बाद कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य और मार्गदर्शन में भव्य आरती की गई। आरती के पश्चात भगवान को फल, मिठाई और सूखे मेवों सहित 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। वहीं अन्नकूट महोत्सव के तहत भगवान गिरिराज गोवर्धन को 108 प्रकार के विशेष व्यंजन अर्पित किए गए।
अलौकिक श्रृंगार और झांकी ने मोहा मन
इस खास मौके पर मुरली मनोहर मंदिर परिसर में भगवान शिव-पार्वती, श्रीराम-सीता और राधा-कृष्ण का बेहद आकर्षक श्रृंगार किया गया। साथ ही मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजन की एक भव्य झांकी भी सजाई गई, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इस बार अन्नकूट के पकवानों में स्वाद के साथ-साथ सेहत और पोषण का भी विशेष ध्यान रखा गया। भोग में औषधीय और पौष्टिक चीजों से बने व्यंजन शामिल किए गए थे।

गौसेवा और भोजन प्रसादी का आयोजन
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि गोपाष्टमी के शुभ अवसर पर दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गोशालाओं में जाकर विधि-विधान से गौमाता की पूजा की और उन्हें हरा चारा खिलाया। इस दौरान श्रीकृष्ण के भजनों, प्रवचन और कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में रंगा रहा।
बाहर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए विठलेश सेवा समिति की ओर से भोजन प्रसादी की खास व्यवस्था की गई थी। समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और अन्य सदस्यों ने मिलकर भक्तों को प्रसादी बांटी। दिनभर चले इस धार्मिक आयोजन में गौसेवा, भक्ति और अन्नदान की परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button