Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भेरुंदा में बोलेरो सवारों का आतंक, तेज रफ्तार गाड़ी चलाने का विरोध करने पर युवकों के साथ मारपीट

सीहोर। जिले के भेरुंदा नगर के शास्त्री कॉलोनी में सोमवार की रात उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया, जब बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए कुछ लोगों ने दो स्थानीय युवकों के साथ जमकर मारपीट की। पीडि़त युवकों का आरोप है कि हमलावर रेत कंपनी से जुड़े हुए हैं। इस घटना के बाद से इलाके में नाराजगी व्याप्त है, वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शास्त्री कॉलोनी में रहने वाले कुछ युवक स्थानीय रास्तों पर बोलेरो और अन्य गाडय़िां बहुत तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाने से परेशान थे। युवकों का कहना है कि ये वाहन चालक कॉलोनी की संकरी सडक़ों पर सुरक्षा की परवाह किए बिना गाडिय़ां दौड़ाते हैं। पीडि़त युवकों ने बताया कि वे इस खतरनाक ड्राइविंग को लेकर उन लोगों से बातचीत करने जाने वाले थे, लेकिन किन्हीं कारणों से वे वहां नहीं गए। हालांकि इस बात की भनक वाहन चालकों को लग गई। इसके बाद उन लोगों ने फोन करके उन युवकों को बातचीत के बहाने एक तय स्थान पर बुलाया।
पहुंचते ही बोलेरो सवारों ने बोला हमला
युवकों के मुताबिक जैसे ही वे लोग बताए गए स्थान पर पहुंचे वहां पहले से मौजूद बोलेरो सवार बदमाशों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि गालियां भी दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस अचानक हुए हमले से युवक सहम गए। पीडि़त पक्ष का सीधा आरोप है कि यह पूरी हरकत रेत कंपनी से जुड़े लोगों द्वारा अपनी मनमानी छिपाने और स्थानीय लोगों पर धौंस जमाने के लिए की गई है।
दोनों पक्षों पर केस दर्ज, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई। इस पूरे मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के अनुसार शास्त्री कॉलोनी में हुई इस मारपीट की घटना के संबंध में पुलिस के पास दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी प्रशांत चौबे का कहना है कि पुलिस इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कर रही है। फोन कॉल और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button