Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

रसोई में शामिल होकर आ रही ग्रामीणों से भरी टै्रक्टर ट्राली पलटी, 30 घायल

सीहोर। इछावर क्षेत्र में झरखेड़ा के पास एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। यहां ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गई। इस दुर्घटना में ट्रॉली में सवार करीब 30 ग्रामीण घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए इछावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पालखेड़ी के करीब 30 ग्रामीण हरसपुर गांव में आयोजित रसोई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी ग्रामीण एक ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस अपने गांव पालखेड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान जब वाहन झरखेड़ा के समीप पहुंचा तो तेज रफ्तार होने के कारण चालक ट्रैक्टर से अपना नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गई।
संभलने का नहीं मिला मौका
ग्रामीणों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रॉली में बैठे महिला, पुरुष और बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका। ट्रॉली पलटते ही दबने और चोट लगने से मौके पर चीख-पुकार और हाहाकार मच गया। दुर्घटना की तेज आवाज और चीखें सुनकर आसपास के खेतों व सडक़ से गुजर रहे ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। ट्रॉली के नीचे फंसे और घायल हुए लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में मची अफरा तफरी
एक साथ करीब 30 घायलों के इछावर सिविल अस्पताल पहुंचने से अस्पताल परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। वहीं हादसे की खबर जैसे ही पालखेड़ी गांव पहुंचीए बड़ी संख्या में ग्रामीण और घायलों के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां काफी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि झरखेड़ा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल भिजवाया। ट्रैक्टर-ट्रॉली किन परिस्थितियों में और किस वजह से पलटी, पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button