भक्ति भाव से मनाया अन्नकूट महोत्सव, स्वामीनारायण मंदिर और माहेश्वरी भवन में गूंजे भगवान के जयकारे, अर्पित किए गए छप्पन भोग

सीहोर। शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास के साथ अन्नकूट महोत्सव की धूम देखने को मिली। स्वामीनारायण मंदिर और छावनी स्थित माहेश्वरी भवन में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया।

नरेन्द्र नगर स्थित स्वामी नारायण मंदिर में उत्सव की शुरुआत धार्मिक विधि-विधान और पूजन के साथ हुई। इस अवसर पर निर्माण चरित्र स्वामी और अनंत वत्सल स्वामी का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। संतों की उपस्थिति ने कार्यक्रम के आध्यात्मिक माहौल को और अधिक अलौकिक बना दिया। मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
छप्पन भोग का अर्पण और महाआरती
अन्नकूट महोत्सव के पावन अवसर पर मंदिर में भगवान को भव्य रूप से छप्पन भोग की प्रसादी अर्पित की गई। छप्पन प्रकार के व्यंजनों और मिष्ठान्न से सजे भगवान के दरबार का यह दृश्य बेहद मनमोहक था। इसके पश्चात आयोजित भव्य महाआरती में उपस्थित भक्तों ने प्रभु की आराधना की। महाआरती के बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। इस आयोजन में नगर के कई गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान दक्षेस पटेल, विजेंद्र जायसवाल और जयसिंह भाई सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे। वहीं पूरे कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक पिचोनिया द्वारा किया गया।
माहेश्वरी भवन में गूंजे श्रीकृष्ण के भजन
शहर के छावनी स्थित माहेश्वरी भवन में माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरी आस्थाए उत्साह और हर्षोल्लास के साथ अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान में सीहोर शहर से बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाज के बंधुए महिलाएं और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भगवान श्री कृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया।
गोवर्धन लीला और 56 भोग की परंपरा कार्यक्रम के दौरान अन्नकूट महोत्सव के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। आयोजकों ने बताया कि भगवान श्री कृष्ण ने अपनी कनिष्ठ उंगली पर सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को उठाकर ब्रजवासियों की भारी वर्षा और इंद्र के प्रकोप से रक्षा की थी। उन सात दिनों में ब्रजवासियों ने भगवान के प्रति अपनी कृतज्ञता और अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रभु को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पण किया था। इसी पौराणिक परंपरा का स्मरण करते हुए माहेश्वरी समाज सीहोर द्वारा भी माहेश्वरी भवन में भगवान को छप्पन भोग की प्रसादी अर्पित कर अन्नकूट महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
भजनों की प्रस्तुति से गूंजा माहेश्वरी भवन
महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक पंडित हर्षित शास्त्री की प्रस्तुतियां रहीं। पंडित हर्षित शास्त्री ने एक से बढक़र एक मधुर और मनमोहक श्रीकृष्ण भजनों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी सुरीली आवाज और भजनों के ताल पर पूरा माहेश्वरी भवन भक्तिमय हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने जमकर भजनों का आनंद लिया और भगवान श्री कृष्ण के जयकारे लगाए। आयोजन में नगर के कई विशिष्ट अतिथि भी सम्मिलित हुए। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और पार्षद आशीष गहलोत ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर भक्तिमय कार्यक्रम का आनंद लिया और समाजजनों के साथ प्रसादी ग्रहण की।
माहेश्वरी समाज सीहोर के अध्यक्ष योगेश राठी और सचिव महेश हुरकट ने कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। महोत्सव को सफल बनाने और इसमें सहभागिता निभाने वालों में प्रमुख रूप से डॉ. एसआर गट्टानी, कमल झंवर, अशोक सोडाणी, सुरेश साबू, पंकज झंवर, द्वारका चांडक, किशोर सोडाणी, राकेश मोहता, शैलेश राठी सहित माहेश्वरी समाज महिला मंडल की सभी सदस्य उपस्थित रहीं।



