Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

40 करोड़ का बकाया… पहले खूब जलाई, अब नहीं कर रहे भरपाई

- विद्युत वितरण कंपनी रेहटी ने बिजली बिलों की वसूली के लिए जप्त किए तार-स्टार्टर

सीहोर। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी रेहटी का उपभोक्ताओं पर करीब 40 करोड़ रूपए का बकाया है। अब इस बकाया राशि की वसूली के लिए बिजली कंपनी रेहटी द्वारा उपभोक्ताओं पर सख्ती की जा रही है। अधिकारी खुद मैदान में उतरकर उपभोक्ताओं से बिजली बिलों को भरने की अपील कर रहे हैं, लेकिन जमा नहीं करने पर सख्ती भी कर रहे हैं। कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने किसानों के खेतों में पहुंुचकर मोटरों के स्टार्टर, तार जप्त किए हैं। इसके साथ ही किसानों से अपील की है कि वे अपना बकाया समय पर जमा करें। कंपनी द्वारा विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135,138 के तहत कार्रवाई भी की जा रही है।
25 हजार उपभोक्ताओं पर 40 करोड़ का बकाया-

विद्युत वितरण कंपनी रेहटी के अंतर्गत 108 गांवों में करीब 25 हजार उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं से कंपनी का लगभग 40 करोड़ रूपए बकाया है। इस बकाया राशि को वसूलने के लिए कंपनी द्वारा लगातार गांव-गांव में शिविर लगाकर वसूली की जा रही है। उपभोक्ताओं से भी अपील की जा रही है कि वे अपने बिजली के बिलों को समय पर भरें, ताकि असुविधा से बच सकें, लेकिन बार-बार समझाईश एवं अपील के बाद भी उपभोक्ता अपना बिल समय पर जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब कंपनी ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। कंपनी ने इस वर्ष रेहटी तहसील के उपभोक्ताओं से 3 करोड़ की राशि वसूलने का लक्ष्य तय किया है। इसी को लेकर अधिकारी वसूली के लिए मैदान में हैं।
इन पर हुई कार्रवाई-
मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी रेहटी के अधिकारी-कर्मचारी बिजली बिलों की वसूली के लिए गांव-गांव पहुंच रहे हैं। इस दौरान वसूली नहीं होने पर कार्रवाई भी कर रहे हैं। पिछले दिनों रेहटी तहसील के ग्राम निपानिया के उपभोक्ता कचरुलाल पर बिजली बिल नहीं भरने पर कार्रवाई की गई थी तो वहीं अब ग्राम महागांव में बिल की बकाया राशि जमा नहीं करने पर किसान के खेतों से तार व स्टार्टर जप्त किए गए हैं। इसके साथ ही विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135, 138 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कंपनी के अधिकारी उपभोक्ताओं से अपील कर रहे हैं कि समस्त प्रकार के विद्युत बिल जमा कराएं एवं असुविधा से भी बचें।
मनमाने तरीके से जलाई बिजली, अब छूट रहे पसीने-
बुधनी विधानसभा क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं ने 17 वर्षों तक मनमाने तरीके से बिजली का उपयोग किया। वर्षों तक अपने बिल जमा नहीं किए। कई गांवों से तो बिजली कंपनी को एक रूपए तक जमा नहीं हुआ। बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी भी सख्ती नहीं कर सके। यही कारण रहा कि कंपनी का 40 करोड़ रूपए बकाया हो गया। अब बिजली कंपनी वसूली के लिए सख्ती कर रही है।
इनका कहना है-
बिजली कंपनी की बकाया राशि वसूलने के लिए गांव-गांव जाकर बिजली उपभोक्ताओं से लगातार अपील कर रहे हैं। शिविर लगाकर भी वसूली कर रहे हैं। इसके बाद भी उपभोक्ता अपने बिल जमा नहीं कर रहे हैं। कंपनी का करोड़ों का बकाया है। ऐसे में कई बार सख्ती भी करनी पड़ रही है।
– राहुल सिंह, उपयंत्री, मप्रमक्षेविवि कंपनी, रेहटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button