जहानपुर के वेयर हाउस की चादर हटाकर 95 बोरी मूंग चोरी, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

सीहोर। शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जहानपुर स्थित एक वेयर हाउस से अज्ञात चोरों द्वारा 95 बोरी मूंग चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। वेयर हाउस संचालिका की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सुडानिया निवासी ऊषा शर्मा और सीताराम शर्मा का जहानपुर में श्रीराम वेयर हाउस संचालित है। बताया गया है कि बीते दिनों को वेयर हाउस में वेयर हाउस कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों ने दवा का छिडक़ाव किया था और इसके बाद अंदर से ताला लगाकर चले गए थे।
सुबह ताले टूटे मिले, जांच में 95 बोरी मूंग गायब
अगले दिन सुबह करीब 4.00 बजे चौकीदार राजकुमार ने सूचना दी कि वेयर हाउस के ताले टूटे पड़े हैं। सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्ति वेयर हाउस पहुंचे तो देखा कि अंदर के ताले टूटे हुए थे और मूंग की बोरियों की थप्पी में कुछ बोरियां कम दिखाई दे रही थीं। इसके बाद वेयर हाउस प्रबंधक को मोबाइल पर जानकारी दी गई। प्रबंधक द्वारा निरीक्षण करने पर कुल 95 बोरी मूंग कम पाई गईं।
चादर हटाकर अंदर घुसे चोर, पुलिस जांच में जुटी
शिकायत के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने वेयर हाउस के ऊपर की चादर हटाकर अंदर प्रवेश किया, अंदर से ताला तोड़ा और 95 बोरी मूंग चुरा ले गया। इस मामले में संचालिका ऊषा शर्मा ने 23 नवंबर को शाहगंज थाने में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।



