बुदनी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अलग-अलग 5 मामलों में 58.63 लीटर अवैध शराब जब्त

सीहोर। बुदनी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों से 5 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी-विदेशी शराब, बीयर और हाथ भट्टी की कच्ची शराब सहित कुल 58.63 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 29 हजार 908 रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
राजपूत ढाबा से 23.21 लीटर शराब जब्त
पुलिस के अनुसार बीती शाम करीब 7.50 बजे ब्रिज के नीचे स्थित राजपूत ढाबा बुदनी पर दबिश दी गई। काउंटर पर मिले आरोपी बसंत कुमार गौर पिता डालचंद गौर निवासी ग्राम जहाजपुरा थाना रेहटी के पास से देशी और अंग्रेजी शराब व बीयर कुल 23.21 लीटर मिली, जिसकी कीमत 10 हजार 308 रुपये है। वैध कागजात नहीं मिलने पर शराब जब्त कर आरोपी को नोटिस तामिल कराया गया।
बाबूजी ढाबा के कमरे से 18.50 लीटर शराब मिली
एक अन्य कार्रवाई में मेनरोड बुदनी स्थित बाबूजी ढाबा के कमरों की तलाशी ली गई। काउंटर पर मिले आरोपी घनश्याम पुरी गोस्वामी पिता बालपुरी गोस्वामी निवासी वार्ड नंबर 14 माना बुदनी के कब्जे से देशी शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर कुल 18.50 लीटर जब्त की गई। इसकी कीमत 8 हजार 430 रुपये बताई गई है।
मजीत ढाबा के पास से 11.34 लीटर शराब पकड़ी
कस्बा भ्रमण के दौरान मुखबिर की सूचना पर मजीत ढाबा के पास ओवरब्रिज के नीचे से आरोपी मंगल प्रसाद पिता गुलाब प्रसाद अहिरवार निवासी वार्ड नंबर 14 माना बुदनी को पकड़ा गया। वह सफेद झोले में देशी और अंग्रेजी शराब के 63 क्वार्टर कुल 11.340 लीटर कीमत करीब 6 हजार 420 रुपये लेकर खड़ा था।
वार्ड नंबर 12 से 15 लीटर कच्ची शराब जब्त
वार्ड नंबर 12 माना बुदनी में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी पूनम बामने पिता भैय्यालाल बामने को पकड़ा गया। वह सफेद प्लास्टिक के कुप्पे में हाथ भट्टी की महुआ से बनी कच्ची शराब करीब 15 लीटर कीमत (1500 रुपये) लिए मिला, जिसे पुलिस ने जब्त किया।
होलीपुरा में बाल्टी सहित शराब लेकर खड़ा मिला आरोपी
दोपहर करीब 2.43 बजे ग्राम होलीपुरा में कैलाश राठौर के घर के सामने बाल्टी लेकर खड़े आरोपी राकेश वर्मा पिता माखनसिंह वर्मा निवासी खांडावड को पकड़ा गया। उसके पास रखी बाल्टी से देशी और अंग्रेजी शराब कुल 5 हजार 40 लीटर कीमत 3 हजार 200 रुपये जब्त की गई। सभी मामलों में पुलिस ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।



