Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीरेहटीसीहोर

खेत में तार फेंसिंग और नारियल के पेड़ उखाड़े, देवर ने भाभी को दी जान से मारने की धमकी

सीहोर। जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर एक परिवार में भाभी और देवर के बीच विवाद गहरा गया है। भोपाल निवासी महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि उसके देवर ने खेत में घुसकर तार फेंसिंग, नारियल के पेड़, सीसीटीवी कैमरे और कृषि सामान में तोडफ़ोड़ की। विरोध करने पर देवर ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार फरियादिया नीलिमा सिंह पैठारी पति ललित सिंह पैठारी निवासी आईबीडी होलमार्ग सिटी कोलार भोपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी ससुराल भैरूंदा में है। ससुर प्रेमनारायण पैठारी ने दोनों भाइयों के बीच जमीन और मकान का बंटवारा कर दिया था। बंटवारे में नीलिमा सिंह व उनके पति के हिस्से में 7 एकड़ जमीन आई, जबकि देवर पुष्पेन्द्र सिंह पैठारी के हिस्से में 4 एकड़ जमीन और भैरूंदा का एक मकान आया।
हाली ने फोन पर दी तोडफ़ोड़ की सूचना
नीलिमा सिंह के मुताबिक उनकी खेती की जमीन ग्राम बोरखेड़ा में स्थित है, जिस पर तार फेंसिंग की गई है और रखरखाव के लिए जितेन्द्र बारेला नामक हाली रखा गया है। रात करीब 11.30 बजे जब वे भोपाल में थीं, तब हाली जितेन्द्र बारेला ने फोन कर सूचना दी कि देवर पुष्पेन्द्र खेत में आया है और उसने तोडफ़ोड़ की है।
खेत पहुंची भाभी से गाली-गलौज और धमकी
इसके बाद 24 नवम्बर को नीलिमा सिंह भोपाल से ग्राम बोरखेड़ा स्थित अपने खेत पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि तार फेंसिंग टूटी हुई थी, लगाए गए नारियल के पेड़ उखाड़े गए थे तथा सीसीटीवी कैमरों और खेती के अन्य सामान में तोडफ़ोड़ की गई थी। इसी बात को लेकर जब सुबह करीब 11 बजे उन्होंने देवर पुष्पेन्द्र सिंह पैठारी से नुकसान को लेकर सवाल किया तो वे भडक़ गए और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर उन्होंने उलझने की स्थिति में जान से खत्म करने की धमकी दी। महिला के अनुसार यह पूरा घटनाक्रम हाली जितेन्द्र बारेला ने भी देखा। इसके बाद उन्होंने अपने पति ललित सिंह पैठारी को पूरी जानकारी दी और थाने पहुंचकर आरोपी देवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button