Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीसीटीवी में कैद हुई मर्डर की लाइव वारदात, 4-5 लोगों ने घेरकर की झूमाझटकी, चाकू लगते ही जमीन पर गिरा युवक

गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद कब्रिस्तान में किया गया सुपुर्द ए खाक

सीहोर। मंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत एसपी बंगले और मस्जिद के समीप बुधवार शाम हुई युवक लईक कुरैशी की सनसनीखेज हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है। इस फुटेज ने पूरी वारदात की हकीकत बयां कर दी है, जिसमें दिख रहा है कि किस तरह 4 से 5 लोग लईक को घेरकर झूमाझटकी कर रहे हैं और इसी बीच एक युवक ने उसे चाकू मार दिया। चाकू लगते ही लईक लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। वहीं गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि आरोपियों ने मिलकर लईक को चारों तरफ से घेर लिया था। परिजनों के मुताबिक दो लोगों ने लईक के हाथ पकड़ रखे थे और दो आरोपी हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई कर रहे थे। इसी झूमाझटकी के दौरान एक युवक ने लईक की पीठ में चाकू घोंप दिया। चाकू लगने के बाद लईक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागा और फिर सडक़ पर गिर पड़ा, जिससे वहां खून ही खून फैल गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन और परिचित जमा हो गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
पुराने विवाद को लेकर हुई थी कहासुनी
लईक के पिता और बड़े अब्बा के मुताबिक पड़ोस में किसी ने गेट निकाल लिया था और मकान के अतिक्रमण व मस्जिद कमेटी के निर्माण को लेकर पहले भी कहासुनी हुई थी। बुधवार शाम इसी बात पर विवाद हो रहा था, जिसमें लईक बीच-बचाव करने पहुंचा था। लईक के बेटे ने भैया, अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं लईक की बड़ी अम्मी ने भी बड्डू और सलीम के बेटे पर चाकू मारने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी मंडी व चौराहे पर शराब पीकर हंगामा और मारपीट करते रहे हैं।

एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि माता मंदिर के पास रहने वाले लईक कुरैशी का तीन-चार लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार को फिर विवाद होने पर आवेश में एक व्यक्ति ने उन्हें छुरी मार दी। पुलिस ने घटनास्थल से कन्नी की मदद से खून के थक्के सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा के अनुसार इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज व बयानों के आधार पर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button