संविधान दिवस पर हुए आयेाजन: भाजपा कार्यालय में गौरव दिवस, पॉलिटेक्निक में युवा संवाद और संकल्प केंद्र में संगोष्ठी

सीहोर। संविधान दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया गया और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। भाजपा जिला कार्यालय में संविधान गौरव दिवस मनाया गया, शासकीय महिला पॉलिटेक्निक में विकसित भारत-युवा संवाद हुआ और सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प नशा मुक्ति केंद्र में दो दिवसीय समारोह की शुरुआत विचार संगोष्ठी के साथ हुई।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहेब अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और बाबासाहेब अमर रहें के नारों के साथ हुई। जिला महामंत्री पंकज गुप्ता ने कहा कि बाबासाहेब ने संविधान के माध्यम से हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिलाया। मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने सामाजिक न्याय व भेदभाव के खिलाफ संघर्ष पर प्रकाश डाला। जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बाबासाहेब से जुड़े पंचतीर्थ के निर्माण का उल्लेख किया, जबकि रवि नागले ने शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो, के संदेश को युवाओं की प्रेरणा बताया। डॉ. गगन नामदेव ने बाबासाहेब को भारत रत्न मिलने और उनके बताए मार्ग पर चलने की बात कही। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का वाचन हुआ, संचालन विशाल पाटीदार ने किया और आभार सीमा सक्सेना ने माना। इस दौरान अतुल शर्मा, प्रीति सोनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महिला पॉलिटेक्निक: कर्तव्यों का पालन और नशामुक्ति पर जोर
शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में माय भारत एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में विकसित भारत-युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए मौलिक अधिकारों के साथ संवैधानिक कर्तव्यों का पालन भी जरूरी है और छात्राओं को शिक्षा से सशक्त होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। विशेष अतिथि एसडीएम तन्मय वर्मा, जिला युवा अधिकारी प्रज्ञाका जैन और जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा उपस्थित रहीं। यूथ आइकन अनुपमा मिश्रा ने नशामुक्त युवा व स्वस्थ जीवनशैली पर विचार रखेए जबकि युवा खिलाड़ी ललित परमार ने अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताया। छात्राओं ने संविधान पर चर्चा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दींए प्रस्तावना का वाचन किया गया और अंत में प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने आभार जताया।

संगोष्ठी के साथ दो दिवसीय आयोजन शुरू
सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प नशा मुक्ति केंद्र में दो दिवसीय संविधान दिवस समारोह का शुभारंभ विचार संगोष्ठी से हुआ। केंद्र संचालक राहुल सिंह ने कहा कि संविधान केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक के सम्मानए अधिकार और समानता की पहचान हैए जिसे दैनिक जीवन में उतारना जरूरी है। संगोष्ठी में धर्मेंद्र माहेश्वरी और मनोज दीक्षित ने कहा कि संविधान के न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श लोकतंत्र की आधारशिला हैं और युवाओं को इसका अध्ययन कर जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। पहले दिन संविधान निर्माण, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर चर्चा हुई। शुक्रवार को आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।



