‘जो बम से उड़ाएंगे सरकार उन्हें उड़ाएगी’, विधानसभा में क्यों बोले शिवराज सरकार के विधायक

नई दिल्ली
जो बम से उड़ाएंगे सरकार उन्हें उड़ाएगी..' मध्य प्रदेश विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने कुछ इसी अंदाज में अपनी बात रखी है। दरअसल सोमवार को भोपाल में पकड़े गये संदिग्ध आतंकवादियों को लेकर खूब चर्चा हो रही है। राज्य में कांग्रेस शिवराज सरकार पर इल्जाम लगा रही है कि सरकार का इंटेलिजेंस फेल है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने विधानसभा में कहा कि प्रदेश की राजधानी में ढाई साल से आतंकी रह रहे थे, सरकार बेखबर थी। सरकार की इंटेलिजेंस फेल है।
इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरा था। इसपर विधानसभा में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो बम से उड़़ाएंगे तो सरकार उन्हें उड़ाएगी।' भाजपा विधायक ने कहा, 'आतंकवाद को कहीं भी संरक्षण नहीं दिया जाएगा..भारत में नरेंद्र मोदी की सरकार है…जो देशभक्त हैं उनकी पूर्ण सुरक्षा होगी, लेकिन देशद्रोहियों का पूर्ण इलाज होगा। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस दुनियाभर में फेलियर देखती रहती है। ये नहीं देखती मस्जिद नमाज पढ़ने का केंद्र है, आतंकियों को छुपाने का नहीं जो बम से उड़ाएंगे सरकार उन्हें उड़ाएगी।
बता दें कि इससे पहले शनिवार-रविवार की रात को खुफिया एजेंसी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर भोपाल के पुराने शहर में छापा मार कार्रवाई की है। इसमें छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। इनसे आपत्तिजनक सामग्री और संदिग्ध साहित्य मिलने की सूचना है। जिन मकानों पर छापे मारे गए उन्हें पुलिस ने सील कर दिया है।