
रेहटी। हर घर तिरंगा अभियान के लिए जागरूकता रैली, यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी कड़ी में रेहटी तहसील की सगोनिया ग्राम पंचायत में भी रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामवासियों से अपील भी की गई कि वे अपने-अपने घरों में तिरंगा जरूर लगाएं। ग्राम पंचायत की सरपंच सरोज गोपाल मुकाती ने समस्त ग्रामवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले। तिरंगा अभियान के लिए निकाली गई जागरूकता रैली की शुरूआत ग्राम पंचायत सगोनिया से हुई। यात्रा मालीबांया चौराहा तक आई। यहां पर भी दुकानदारों सहित आम लोगों से अपील की गई कि वे भी अपनी दुकानों, घरों में तिरंगा जरूर लगाएं। इसके बाद यात्रा वापस सगोनिया पहुंची। यहां पर यात्रा का समापन किया गया। जागरूकता रैली में भाजपा के सलकनपुर मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी, सरपंच पति गोपाल मुकाती, सलकनपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी भी मौजूद रहे।