वुमंस डे: सशक्तिकरण के लिए बढ़े हाथ, महिला समूह और शक्ति को करोड़ों की सौगातें

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं को पोषण आहार संयंत्र की विशेष सौगात दी। देवास में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने आजीविका मिशन में गठित महिला समूहों के परिसंघों को पोषण आहार संयंत्र की चाबी सौंपने के साथ 300 करोड़ रुपए के बैंक ऋण का वितरण भी किया।
प्रदेश के संकुल स्तरीय संघों को उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रशंसा-पत्र भी दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत निर्धन श्रेणी के परिवारों की 40 लाख महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ा गया है। मिशन द्वारा समूह सदस्यों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहयोग देते हुए लगभग 100 प्रकार की विभिन्न व्यवसायिक गतिविधियों से जोड़कर आत्म-निर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में कृषि एवं पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय के सुदृढ़ीकरण के साथ नए व्यवसाय भी शुरू कराए जा रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से वस्त्र निर्माण, सिलाई, साबुन, अगरबत्ती, सेनेटरी नेपकिन, सहित खाद्य पदार्थ एवं स्वच्छता वस्तुओं तथा अन्य कई उत्पाद समूह सदस्यों द्वारा बनाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में देवास जिले की प्रभारी और खेल व युवक कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, सांसद देवास महेंद्र सिंह सोलंकी भी मौजूदग रहे।
अंतरराष्टÑीय महिला दिवस पर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अर्जेंट रिलीफ फॉर जस्ट एक्शन (ऊर्जा) डेस्क में पदस्थ सौ महिला पुलिसकर्मियों को दो पहिया वाहन सौंपे। भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में आयोजित समारोह में सीएम ने हरी झंडी दिखाकर भोपाल की इन महिला पुलिसकर्मियों को शहर में रवाना किया। महिला दिवस पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा सीएम हाउस से लेकर स्मार्ट पार्क तक महिला पुलिसकर्मियों और अफसरों के हवाले रही। आयोजन में डीजीपी सुधीर सक्सेना, एडीजी महिला सुरक्षा प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव, भोपाल पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर मौजूद रहे। इस मौके पर सीएम ने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी और अफसर गंभीरता के साथ काम कर रही है। प्रदेश में आरक्षक भर्ती में महिलाओं को तीस फीसदी आरक्षण सरकार दे रही है। ऊर्जा डेस्क के पास अब तक वाहन नहीं थे, इसलिए उन्हें शिकायत मिलने पर पीड़ित महिला के पास तक पहुंचने में वक्त लगता था। इसलिए सरकार ने ऊर्जा डेस्क को सौ वाहन आज दिए हैं। प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे असली हीरो अभियान से समाज को जोड़ने के लिए सत्य घटनाओं पर आधारित तीन लघु वृत्त चित्रों का भी लोकापर्ण किया। इस आयोजन के बाद महिला पुलिसकर्मियों को वाहन रैली को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी देकर रवाना किया, जो शहर के विभिन्न मार्गो से होती हुई मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पहुंची।
भारतीय प्रजातंत्र में महिलाओं के योगदान को नमन
अंतरराष्टÑीय महिला दिवस पर आज विधानसभा के अंदर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने प्रदेश की महिलाओं को बधाई दी। संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से भी सुंदर होते हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज उनकी गाड़ी भी महिला ने चलाई और वे ही उन्हें विधानसभा तक लेकर आई। नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे देश को मदर इंडिया कहते हैं। यह भारत की पहचान है। हमारे देश में प्रजातंत्र में कई महिलाओं का योगदान है, यह सबसे महत्वपूर्ण दिवस हैै। हालांकि सदन के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए कमलनाथ ने महिलाओं के मामलों को लेकर सरकार पर वार करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं की स्थिति सबसे खराब है। वहीं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी आरोप लगाया कि महिला अपराधों में प्रदेश नम्बर वन है, इस पर कोई रोक लगे तो कोई बात बने।