Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशसीहोर

जिला अस्पताल को मिलेगा 100 बेड का नया भवन, आयुक्त के औचक निरीक्षण से बदलेगा व्यवस्थाओं का चेहरा

सीहोर। जिला अस्पताल की दहलीज पर मरीजों का बढ़ता दबाव अब बड़े बदलाव की आहट दे रहा है। मौजूदा 300 बेड की क्षमता मरीजों की बढ़ती भीड़ के आगे कम पडऩे लगी है। इसी जमीनी हकीकत को परखने और अस्पताल की तस्वीर बदलने के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त धनराजू एस अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। उनके इस औचक दौरे ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ में नई हलचल पैदा कर दी। आयुक्त ने ट्रामा सेंटर और नवीन अस्पताल भवन का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की नब्ज टटोली।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सीएमएचओ, सिविल सर्जन, चिकित्सकों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं का हाल जाना। उन्होंने ओपीडी में मरीजों के पर्चे बनाने की प्रक्रियाए आयुष्मान भारत योजना के जमीनी क्रियान्वयन और अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
100 अतिरिक्त बेड के नए भवन की तैयारी
चर्चा के दौरान सीएमएचओ डॉ. एसके डेहरिया ने आयुक्त के सामने बड़ी जरूरत रखी। उन्होंने बताया कि मरीजों की संख्या के अनुपात में अस्पताल के मौजूदा 300 बेड अब नाकाफी साबित हो रहे हैं, इसलिए 100 अतिरिक्त बेड और एक नए भवन की सख्त आवश्यकता है।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अहम फैसला लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में संचालित अमेरिकन आईसीयू वार्ड को हटाकर उसकी जगह 100 बेड का नया अस्पताल भवन बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि प्रस्तावित भवन की जरूरतों और वहां मिलने वाली सुविधाओं का विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार कर भेजा जाए, ताकि क्षमता बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम आगे बढ़ाए जा सकें।
पुराने नर्सिंग हॉस्टल की जगह बनेगी पार्किंग
अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को रोजाना पेश आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए भी आयुक्त ने सख्त और व्यावहारिक निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े पुराने नर्सिंग हॉस्टल को डिस्मेंटल करने और उस स्थान पर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने को कहा। इससे मरीजों और परिजनों को वाहन खड़े करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और परिसर की अव्यवस्था भी थमेगी।
इसके अलावा मरीजों और उनके परिजनों को आयुष्मान भारत योजना की सुविधाओं की जानकारी व लाभ आसानी से मिल सकेए इसके लिए अस्पताल में आयुष्मान कियोस्क बनाने के निर्देश दिए गए। अस्पताल की व्यवस्थाओं की बेहतर निगरानी और चुस्त प्रबंधन के लिए एचएमआईएस (हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम) स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. उमेश श्रीवास्तव, संजुलता भार्गव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। सिविल सर्जन ने बताया कि शुक्रवार को आयुक्त ने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी और आगे की कार्ययोजना के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button