30 किलो अवैध विस्फोटक और 585 गजकुंडी के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। पुलिस ने अवैध हथियारों और विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक और 500 से ज्यादा माडिफाइड गन (गजकुंडी) जब्त करते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में पार्वती थाना पुलिस द्वारा की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मैना और अलीपुर इलाके में कुछ लोग अपनी दुकानों और घरों में अवैध रूप से माडिफाइड गन बना रहे हैं। इसके साथ ही इन बंदूकों में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामान पोटाश और सल्फर/गंधक भी छिपाकर रखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए ग्राम मैना और इंदौर नाका अलीपुर में स्थित संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने जब मकानों और दुकानों की विधिवत तलाशी ली तो वहाड्ड से भारी मात्रा में बनी हुई और अधबनी गजकुंडी और विस्फोटक पदार्थ बरामद हुए। पुलिस ने मौके से सारा अवैध सामान जब्त कर लिया और चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में हकीम खां पिता वसीर खां निवासी ग्राम मैना, वाजिद खां पिता नजब खां निवासी ग्राम मैना, अफजल पिता सरफुद्दीन निवासी ग्राम मैना, सलमान पिता मुन्नू खां निवासी बाबा कॉलोनी अलीपुर आष्टा को गिरफ्तार किया है।
जब्त सामग्री
तैयार गजकुंडी: लगभग 320 नग
अधबनी गजकुंडी: लगभग 265 नग
कुल जप्त गजकुंडी: 585 नग अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये
अवैध विस्फोटक पदार्थ: 30 किलोग्राम पोटाश एवं सल्फर/गंधक
पुलिस की सख्त अपील
इस कार्रवाई के बाद सीहोर पुलिस ने आम जनता और विशेषकर अभिभावकों के लिए एक चेतावनी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि पोटाश, गंधक जैसे अवैध विस्फोटक पदार्थों और माडिफाइड गन गजकुंडी या कार्बाइड गन का निर्माण, भंडारण, खरीद-फरोख्त करना कानूनन गंभीर अपराध है। इसके इस्तेमाल से जान जाने का खतरा रहता है और गंभीर शारीरिक क्षति या आंखों की रोशनी जाने जैसी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इन खतरनाक उपकरणों से दूर रखें। साथ ही यदि आपके आस-पास कोई भी व्यक्ति इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त दिखे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

Exit mobile version