वध के लिए महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 5 गोवंश मुक्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

सीहोर। जिले में अवैध गोवंश परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भैरुंदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम भादाकुई में घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें क्रूरतापूर्वक भरकर वध के लिए ले जाए जा रहे 5 गोवंश (गाय के केड़े) को मुक्त कराया गया। मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी जा रही है। इसी तारतम्य में एएसपी सुनीता रावत और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में गुरुवार को भैरुंदा पुलिस को सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से गोवंश भरकर ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम भादाकुई में घेराबंदी की और बोलेरो पिकअप को रोका।
बूचडख़ाने ले जाने की थी तैयारी
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 5 गोवंश अमानवीय तरीके से बंधे हुए पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन पशुओं को वध करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र प्रांत के स्लॉटर हाउस ले जा रहे थे। पुलिस ने पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवराज सोलंकी निवासी भिलाई। ओंकार बारेला निवासी भिलाई। राजेश बरडे निवासी गागरखेड़ा जिला बड़वानी। सरपीया बरडे निवासी गागरखेड़ा जिला बड़वानी शामिल हैं, वहीं आरोपी सुनील सोलंकी निवासी भिलाई फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक लोकेश सोलंकी, आरक्षक मोहर सिंह, आरक्षक दिनेश, आरक्षक अजय खजुरिया और सैनिक कैलाश परते की मुख्य भूमिका रही।

Exit mobile version