रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली और गंदगी को लेकर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने स्टेशन प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से जुड़ी समस्याओं और कथित अवैध वसूली को लेकर कांग्रेस मुखर हो गई है। सोमवार को जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन प्रबंधक जेएस मिश्रा को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से रेलवे स्टेशन पर पेशाबघर के उपयोग पर अवैध वसूली, गंदगी और सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली पर कड़ा ऐतराज जताया गया है।
ज्ञापन सौंपने के बाद जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से पेशाबघर, शौचालय और स्नानागार के उपयोग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। शर्मा ने कहा कि पूरे देश में सामान्यत: पेशाबघर के उपयोग का कोई शुल्क नहीं लिया जाताए ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर यह शुल्क वसूलना यात्रियों के साथ सरासर अन्याय है। इससे विशेषकर महिला यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
खुल्ले पैसे के नाम पर लूट और अभद्रता
यात्रियों से चर्चा के हवाले से उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार के कारिंदों द्वारा खुल्ले पैसे न होने का बहाना बनाकर तय राशि से अधिक की वसूली की जा रही है। विरोध करने पर यात्रियों के साथ अभद्रता भी की जाती है। कांग्रेस ने मांग की है कि इस अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए और संबंधित का टेंडर तत्काल निरस्त किया जाए।
सडक़ तक फैल रही गंदगी
कांग्रेस ने स्टेशन परिसर की साफ.सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता शर्मा ने कहा कि रखरखाव की कमी के चलते स्टेशन परिसर और आसपास भारी गंदगी फैल रही है, जिससे यात्रियों का वहां ठहरना मुश्किल हो गया है। पंकज शर्मा ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। प्लेटफॉर्म पर आवारा मवेशी घूमते रहते हैं और आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे दूर-दराज से आने वाले यात्रियों और महिलाओं की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी है कि यदि यात्रियों की इन समस्याओं और जनहित की मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी मजबूरन उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश दरोठिया, डॉ. हर्ष गुप्ता, आसिफ अंसारी, अरुण मालवीय, विवेक टांक, अभिषेक लोधी और मुकेश भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version