
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध आस्था के केंद्र कुबेरेश्वरधाम में आज दीपावली का पावन पर्व बेहद धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 6 नवंबर से शुरू हुए पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व के मुख्य दिन यानी आज रविवार को धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, महालक्ष्मी पूजन और बाबा कुबेर भंडारी का पारंपरिक खजाना पूजन संपन्न होगा। आयोजन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सीहोर पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही जारी है।
दीपावली के इस पावन अवसर पर पूरे कुबेरेश्वरधाम मंदिर परिसर को बेहद आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनीए भव्य विद्युत झालरों और सुगंधित फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। धाम की इस अनोखी सजावट और अलौकिक छटा को निहारने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। जैसे ही शाम ढलेगी, मंदिर परिसर में एक साथ हजारों मिट्टी के दीये प्रज्वलित किए जाएंगे, जिससे पूरा धाम दीपों की सुनहरी रोशनी से जगमगा उठेगा। धाम में आज दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलेगा। मुख्य आयोजन के तहत बाबा कुबेर भंडारी का विशेष अभिषेक और पारंपरिक खजाना पूजन किया जाएगा।
प्रदोष काल में अमावस्या
पंडित सुनील शर्मा के अनुसार आज रविवार 8 नवंबर को सुबह 10.23 बजे से अमावस्या तिथि का प्रारंभ हो गया है, जो कल सोमवार 9 नवंबर को सुबह 11.01 बजे तक रहेगी। शास्त्रों की मान्यता के अनुसार प्रदोष काल में अमावस्या तिथि का होना दीपावली पूजन के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया है। इसी वजह से आज स्वाति नक्षत्र के शुभ संयोग में प्रदोष काल के दौरान प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश, माता लक्ष्मी, माता सरस्वती, भगवान कुबेर और श्रीयंत्र की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
आज के प्रमुख पूजा मुहूर्त
शुभ चौघडिय़ा दोपहर: 1.28 बजे से 2.52 बजे तक
गोधूलि बेला शाम: 5.20 बजे से 6.10 बजे तक
प्रदोष काल शाम: 5.40 बजे से 7.16 बजे तक
वृषभ लग्न स्थिर लग्न: शाम 6.10 बजे से रात्रि 8.11 बजे तक
अमृत चौघडिय़ा रात्रि: 7.18 बजे से 8.52 बजे तक
सिंह लग्न मध्य रात्रि: 12.18 बजे से 2.42 बजे तक
मन के अंधकार को मिटाने का पर्व है दीपावली
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने दीपावली के इस पावन पर्व पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल घरों के बाहर दीप जलाने और भौतिक रोशनी करने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर छिपे अज्ञान, स्वार्थ और नकारात्मकता के अंधकार को मिटाकर ज्ञानए सदाचार और अच्छे विचारों का प्रकाश फैलाने का महापर्व है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि त्योहार की सच्ची खुशी तभी सार्थक होती है, जब हम सेवा और सद्भाव की भावना के साथ गरीबों व जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाएं।
आगामी दो दिनों के प्रमुख धार्मिक पर्व
9 नवंबर सोमवार, सोमवती अमावस्या एवं गोवर्धन पूजा: कल सुबह 11.01 बजे तक अमावस्या तिथि रहेगी, जिसके कारण स्नान-दान की सोमवती अमावस्या और पितृ पूजन का विशेष महत्व रहेगा। इसके बाद 11.02 बजे से प्रतिपदा तिथि प्रारंभ होगी, जो मंगलवार दोपहर 12.09 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार कल गौमाता पूजन, गोवर्धन पूजा और भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन परंपरा अनुसार गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विशेष पूजा की जाती है।
11 नवंबर बुधवार भाई दूज: सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग और अनुराधा नक्षत्र के पावन संयोग में भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु, सफलता और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन यमुना नदी में स्नान करने का भी विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है।